Pakistan Train Blast: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में आज रविवार को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाया गया. ब्लूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिग्रेड के एक आत्मघाती हमलावर ने घटना को अंजाम दिया. अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी. तभी क्वेटा शहर में चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला किया गया. विस्फोट इतना तेज था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. रेलवे ट्रैक के पास आग भी लग गई. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल के जवान तुरन्त मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया. विस्फोट की वजह से घटनास्थल के आसपास की इमारतों की खिड़कियां और शीशे भी टूट गए. वहीं धमाके से ट्रैन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई. सुरक्षा बलों ने पूरे प्रभावित इलाके को घेर लिया है. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है. कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
पाकिस्तानी सेना के जवानों को लेकर जा रही थी ट्रेन
बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता ने मीडिया में बयान जारी कर फिदायीन हमले की जिम्मेदारी ली है. बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच के अनुसार, संगठन की सुसाइड अटैक यूनिट मजीद ब्रिगेड ने इस हमले को अंजाम दिया है. जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पाकिस्तानी सेना के जवानों को लेकर जा रही थी, जिसको निशाना बनाकर धमाका किया गया. विस्फोट में अभी 82 लोग घायल हैं, जिसमें से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
जाफर एक्सप्रेस को पहले भी निशाना बनाया गया
बता दें कि जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान रेलवे की लंबी की प्रमुख ट्रेन है. ये ट्रेन बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा को पाकिस्तान के बड़े शहरों से जोड़ती है. ट्रेन बलूचिस्तान समेत कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है. बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी ठिकानों पर पहले भी कई बड़े हमले हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान की जंग होगी खत्म! यूरेनियम देने को तैयार हुआ तेहरान, ट्रंप का दावा- होने वाली है ‘पीस डील’



