Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार प्लेन क्रैश में रोहित पवार द्वारा कर्नाटक में जीरो FIR कराए जाने पर महाराष्ट्र से शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यह पूरी FIR एक प्रकार से राजनीति से प्रेरित लग रही है, क्योंकि घटना महाराष्ट्र में घटी है. हादसा बारामती में हुआ है. महाराष्ट्र सरकार के पास अजित दादा पवार की जो सुपत्नी हैं, श्रीमती सुनेत्रा पवार, वह अपनी पूरी पार्टी के नेताओं के साथ जाकर मुख्यमंत्री को यह निवेदन दे चुकी हैं कि CBI इस पूरे प्रकरण की जांच करे. हमारे मुख्यमंत्री ने आधिकारिक तौर पर यह बताया है, पूरे मीडिया को बताया है कि उन्होंने राज्य सरकार की तरफ से एक चिट्ठी केंद्र सरकार को भेजी है, ताकि CBI जांच शुरू की जा सके. यह एक प्रक्रिया है और इस प्रक्रिया के तहत काम चल रहा है. अब इस प्रक्रिया के तहत, चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ने के बाद CBI जांच होगी या नहीं होगी, कहीं न कहीं केंद्र सरकार इस पूरे केस के अंदर जो तथ्य हैं,जो शक है, जो संदेह है, उसके आधार पर एक निर्णय लेकर अंतिम फैसला करेगी.
“तो लोगों के घरों में चूल्हा नहीं जलेगा”
वहीं मामले पर कांग्रेस विधायक असलम शेख ने कहा कि उन्होंने(रोहित पवार) पूरा संघर्ष किया, पुलिस स्टेशन में किया, जहां हादसा हुआ वहां किया, लेकिन सरकार जो है, वह FIR करना ही नहीं चाहती. जब बिहार में चुनाव था, तो उन्होंने सुशांत सिंह मामले का केस वहां दर्ज किया और यहां मुंबई में चलाया, बाद में CBI ने भी चलाया. चुनाव जीतने के बाद CBI भी गायब हो गई और जो चीजें खोलकर लाने वाले थे, वह सारी चीजें गायब हो गईं. मैं उस पर नहीं जाना चाहूंगा. मैं फिर एक बार कहता हूं कि देश के अंदर परिस्थितियां ठीक नहीं हैं. अगर इसी तरीके से रहा, तो लोगों के घरों में चूल्हा नहीं जलेगा.
यह भी पढ़ें: “वो जितना हिंदू-हिंदू करेंगे, हम मुल्ला-मुल्ला…” हुमायूं कबीर ने BJP और ममता बनर्जी पर साधा निशाना
“कर्नाटक में FIR हुई है तो बहुत अच्छी बात है”
कांग्रेस एमएलसी भाई जगताप ने कहा कि रोहित पवार ने बहुत बारीकी से इस पूरे हादसे की स्टडी की है. वह इन तथ्यों को लेकर जा रहे हैं. बारामती में वह गए, जहां हादसा हुआ वहां गए और यहां मुंबई में भी गए. FIR तो कहीं भी दर्ज की जा सकती है. अगर राहुल गांधी पर बहुत सारे राज्यों में FIR हो सकती है तो इनके ऊपर भी हो ही सकती है. कर्नाटक में FIR हुई है तो बहुत अच्छी बात है.
“पानी का पानी जनता के सामने आए”
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आज़मी ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है और मैं बधाई देना चाहता हूं रोहित पवार साहब को कि उनकी मेहनत रंग लाई. हमारे लिए शर्म की बात है, अफसोस की बात है कि अजित पवार जैसे बड़े नेता, डिप्टी चीफ मिनिस्टर और महाराष्ट्र में बहुत ज्यादा चाहे जाने वाले हैं. अगर उनके एक्सीडेंट की FIR नहीं हो रही है तो अफसोस की बात है. जनता जानना चाहती है कि क्यों दर्ज नहीं हो रही है? अगर यह नैचुरल एक्सीडेंट है, तो कोई बात नहीं, ऊपरवाले ने नसीब में लिखा था. लेकिन अगर जांच हो जाए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए, तो बुरी बात क्या है? इसे छुपाया क्यों जा रहा है? मैं समझता हूं कि यह अजित पवार साहब के साथ एक नाइंसाफी है कि उनकी FIR यहां नहीं हो रही थी और FIR वहां हुई है. अब मैं चाहूंगा कि बहुत ही ईमानदारी के साथ इसकी जांच हो और दूध का दूध, पानी का पानी जनता के सामने आए.



