Air Force officer wife Rape News: महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय वायु सेना के एक अधिकारी की पत्नी ने अपने पुराने क्लासमेट और दो अन्य लोगों पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और लाखों रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का दावा है कि उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया,अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
पुराने क्लासमेट पर गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि फरवरी 2025 में उसके पुराने क्लासमेट अयाज ताज मदारे ने एक प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया. आरोपी ने उसे वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला जूस पिलाकर बेहोश कर दिया गया. पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें एवं वीडियो बना लिए गए.
वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, लाखों रुपये वसूले
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने बाद में उन्हीं वीडियो और तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि डर और दबाव का फायदा उठाकर आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण किया और उससे करीब 3.09 लाख रुपये भी ऐंठ लिए. महिला का कहना है कि इस दौरान उसे लगातार धमकियां दी जाती रहीं.
धर्म परिवर्तन का दबाव और कथित धार्मिक अनुष्ठान
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया. शिकायत के अनुसार, मई 2025 में उसे नागपुर के कलमेश्वर क्षेत्र में ले जाया गया, जहां अमीन शेख और हजरत मौलाना नामक व्यक्ति से उसकी मुलाकात कराई गई. महिला का दावा है कि वहां कुछ धार्मिक रीति-रिवाज कराए गए और उसे बताया गया कि उसका धर्म परिवर्तन हो चुका है. उसने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ फिर से दुष्कर्म की कोशिश की गई.
पति को बताई आपबीती, पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले जब पीड़िता के पति अपनी ड्यूटी से घर लौटे तो महिला ने पूरी घटना उनके सामने रखी. इसके बाद सोनेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने अयाज ताज मदारे और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि तीसरे आरोपी हजरत मौलाना की तलाश की जा रही है. मामले में रेप, जबरन वसूली, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने सहित महाराष्ट्र के काला जादू और अमानवीय प्रथाओं से संबंधित कानून की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: भवानीपुर में मिली शिकस्त के खिलाफ ममता ने किया हाईकोर्ट का रुख, CM शुभेंदु की जीत को चैलेंज



