Flight AI-2030 : जर्मनी फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई -2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के अनुसार पायलट ने अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को हाइजैक सिग्नल कोड भेजा था। सिक्योरिटी इंफॉर्मेशन जयपुर एटीसी के साथ शेयर की गई। करीब 45 मिनट बाद प्लेन की जयपुर में लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए अंदर पहुंचे। हालांकि जानकारी के अनुसार पायलट ने अपनी गलती स्वीकार की है। पायलट ने माना कि उसने गलती से अलर्ट का बटन दबा दिया था।
जांच के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल विमान में किसी संदिग्ध गतिविधि या जांच के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9-45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे 14 अक्टूबर की सुबह 10.40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन जयपुर डायवर्ट किया गया।
दिल्ली में एनएसजी की टीम स्टैंड बाय पर
जयपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट एआई -2030 की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। घटना को लेकर गृह मंत्रालय बेहद गंभीर है। दिल्ली में एनएसजी कमांडो टीम को स्टैंड बाय पर रखा गया है। इनके भी जल्द ही जयपुर पहुंचने की जानकारी है।
हाइजैक का अलर्ट मिला
एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कुछ सेकेंड का स्क्वाक-7500 कोड का सिग्नल भेजा था। इसे हाइजैक की सिचुएशन वाला कोड माना जाता है। इसके बाद सुबह करीब 9.10 मिनट पर फ्लाइट का रूट बदलकर जयपुर किया गया। सुबह करीब 9.45 बजे इसे जयपुर में लैंड कराया गया। फ्लाइट को फिलहाल आइसोलेशन-बे में भेजा गया है।
सभी पैसेंजर्स सुरक्षित, डी-बोर्ड किया गया
जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में सभी पैसेंजर्स को डी-बोर्ड किया जा रहा है। फिलहाल सभी पैसेंजर पूरी तरह सुरक्षित है, उन्हें टर्मिनल में बैठाया गया है।
यह भी देखें – दशहरे से पहले रावण पर महंगाई की मार, जयपुर में 60 हजार तक पहुंचे पुतलों के दाम | Dussehra 2026



