RBI Auction : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार को दो परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (VRRR) नीलामियों के जरिए बैंकिंग प्रणाली से कुल करीब 2.90 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी जुटाई। बैंकिंग सिस्टम में मौजूद अतिरिक्त लिक्विडिटी को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बैंक लगातार कदम उठा रहा है।
पहली VRRR नीलामी में मिली ज्यादा बोलियां
पहली VRRR नीलामी के लिए RBI ने 2.50 लाख करोड़ रुपये की राशि अधिसूचित की थी। इसके मुकाबले बैंकों की ओर से 3,17,088 करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं। केंद्रीय बैंक ने इनमें से 2,50,025 करोड़ रुपये की बोलियां स्वीकार कीं। नीलामी में कट-ऑफ और भारित औसत दर 5.24 प्रतिशत रही।
दूसरी नीलामी में कम रही बैंकों की भागीदारी
दूसरी VRRR नीलामी में बैंकों की प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत कम रही। RBI ने इसके लिए एक लाख करोड़ रुपये की राशि अधिसूचित की थी। इसके मुकाबले केंद्रीय बैंक को कुल 40,302 करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं, जिसे RBI ने पूरी तरह स्वीकार कर लिया।
बैंकिंग सिस्टम में 9.85 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी
बैंकिंग प्रणाली में 15 सितंबर तक करीब 9.85 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी होने का अनुमान है। ऐसे में RBI विभिन्न मौद्रिक उपायों के जरिए सिस्टम में मौजूद अतिरिक्त लिक्विडिटी को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।
OMO के जरिए भी नकदी कम करने की तैयारी
VRRR नीलामी के अलावा RBI ने सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री के लिए ओपन मार्केट ऑपरेशन (OMO) की भी घोषणा की है। केंद्रीय बैंक ने पिछले सप्ताह एक लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि के तीन चरणों में सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री की योजना घोषित की थी।
17 सितंबर को होगी पहली OMO नीलामी
OMO श्रृंखला की पहली नीलामी 17 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इस कदम के जरिए भी बैंकिंग प्रणाली में मौजूद अतिरिक्त नकदी को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
Source : PTI
यह भी पढ़ें –UPI से 2,000 रुपये तक पेमेंट पर पर कोई चार्ज नहीं, बड़े पेमेंट पर दुकानदारों से ली जा सकती है फीस
यह भी देखें – राजस्थान निकाय चुनाव: 2028 की सियासी किताब खुली! BJP आगे, कांग्रेस पीछे | निर्दलीय गेमचेंजर


