Opposition Protest : संसद का मानसून सत्र लगातार विपक्षी नेताओं के विरोध प्रदर्शन के कारण पूरी तरह नहीं चल पा रहा है। आज भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के दो मिनट बाद ही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। गुरुवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने सुबह 10.30 बजे मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई और अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोप को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रियंका गांधी प्रदर्शन में शामिल हुईं।
लोकसभा में पारित अब राज्यसभा में चर्चा
राज्यसभा में दोपहर 2 बजे से पेपर लीक से जुड़ा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पेश किया जाएगा। इस पर करीब सात घंटे चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बहस में हिस्सा लेंगे। लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) अमेंडमेंट बिल, 2026 पर चर्चा होनी है। पेपर लीक से जुड़ा बिल बुधवार को करीब सात घंटे की बहस के बाद लोकसभा में पारित हुआ था। सरकार ने इसे पेपर लीक के खिलाफ बड़ा कदम बताया, जबकि विपक्ष का कहना था कि केवल सजा बढ़ाने से समस्या खत्म नहीं होगी, परीक्षा प्रणाली में सुधार भी जरूरी है।
विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट किया
विपक्ष ने नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर राज्यसभा में खूब हंगामा किया। कांग्रेस की अगुआई में विपक्षी दलों ने गृह मंत्री से सदन में बयान देने की मांग की और करीब आधे घंटे नारेबाजी की। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने मांग स्वीकार नहीं की और शून्यकाल की कार्यवाही जारी रखी। इस पर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया। दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया। हमें भारत के गृह मंत्री से जवाब चाहिए। भारत के गृह मंत्री संसद से क्यों भाग रहे हैं।
यह भी पढ़ें – राहुल का गृह मंत्री पर तीखा हमला, बोले- छात्रों पर पैलेट गन चली, गृह मंत्री जिम्मेदारी लें, भाजपा बोली-गोली नहीं चली
यह भी देखें – 40 साल बाद जागा JDA? अब उजड़ेंगे हजारों परिवार! | Jaipur JDA | KBP Times



