Anantnag Lal Chowk Attack: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक पर आज(22 जुलाई) पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. अधिकारियों के अनुसार, दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब आतंकियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग कर दी. जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की, दोनों तरफ से कुछ देर के लिए फायरिंग हुई. इस हमले में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले के बाद साथी जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से आशिक हुसैन को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
आतंकियों की तलाश जारी
हमले के बाद पुलिस, सेना के जवानों और सुरक्षा एजेंसियों ने लाल चौक के आसपास इलाके की घेराबंदी कर दी है. आंतकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. शहर में आने जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है, वाहनों की गहन जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वो किस इलाके में जाकर छुप गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
मृतक जवान के गांव में शोक की लहर
बता दें कि 35 वर्षीय हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन बड़गाम के बीरू इलाके के रहने वाले थे. आशिक हुसैन की शहादत के बाद पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही हमले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: पटना में छात्रों का राजभवन मार्च, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, वॉटर कैनन से पानी की बौछार



