Tourism : जापान की राजधानी टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित “Royal Rajasthan: Celebrating India’s Heritage, Culture & Tourism” कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन क्षमता का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जापानी पर्यटकों को राजस्थान की ओर आकर्षित करना और भारत-जापान के बीच पर्यटन सहयोग को नई मजबूती प्रदान करना रहा।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने किया प्रतिनिधित्व
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (HFR) के अध्यक्ष हुसैन खान ने बताया कि कार्यक्रम में फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष हुसैन खान और सचिव रणविजय सिंह के नेतृत्व में शामिल हुआ। वहीं, होटल एसोसिएशन ऑफ जयपुर के अध्यक्ष दिलीप तिवारी की उपस्थिति भी रही। यह सहभागिता राजस्थान के आतिथ्य उद्योग की वैश्विक स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक रही।
भारतीय राजदूत और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का विशेष संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक के उद्घाटन संबोधन से हुआ। इसके बाद राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का विशेष संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पर्यटन विभाग ने दी विस्तृत प्रस्तुति
राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद कुमार त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्थान की पर्यटन संभावनाओं, प्रमुख दर्शनीय स्थलों, सांस्कृतिक आयोजनों और आतिथ्य सेवाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा राजस्थान के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
जापानी ट्रैवल एजेंट्स ने दिखाई विशेष रुचि
भारतीय दूतावास की ओर से आमंत्रित जापान के प्रमुख ट्रैवल एजेंट्स, जो पहले से ही राजस्थान पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं, कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने और अधिक जापानी पर्यटकों को राजस्थान लाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्थान की विरासत और आतिथ्य को मिला वैश्विक मंच
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के ऐतिहासिक किले, महल, धार्मिक पर्यटन, वन्यजीव, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और विश्वविख्यात आतिथ्य परंपरा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से राजस्थान की पहचान एक विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में और अधिक मजबूत होगी।
पर्यटन विभाग और पर्यटन संगठनों की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद कुमार त्रिपाठी, अतिरिक्त निदेशक राजेश शर्माउपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत एवं नवल बसवाल, संयुक्त निदेशक अजय कुमार शर्मा और बजरंग लाल शर्मा सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों FHR, HRAR और ADTOI के सदस्य भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – जयपुर समेत 8 जिले डेंगू-मलेरिया के हाई रिस्क जोन में, स्वास्थ्य मंत्रालय का अलर्ट जारी
यह भी देखें – जंतर-मंतर पहुंचे सपा नेता इरफान सोलंकी | PM मोदी से छात्रों से संवाद की मांग | Student Protest


