CJP Jantar Mantar: कॉकरोच जनता पार्टी आज(20 जुलाई) दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है. प्रदर्शन के दौरान एक अजीब सी तस्वीर देखने को मिली. संसद की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इस दौरान एक वीडियो ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा.
दरअसल, लाठीचार्ज के दौरान एक युवा पुलिस के सामने अड़ गया. इस दौरान छात्र ‘मारो, मुझे मारो, मेरी जान ले लो’ कहता हुआ सुनाई दिया. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया धड़ाधड़ वायरल होने लगा. लोग पुलिस और सरकार के रवैये पर सवाल उठाने लगे.
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के आह्रान पर आज संसद मार्च का आयोजन किया गया. इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में छात्र पहुंचे हैं. जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर कूच करना शुरू किया पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया. इस दौरान छात्र इधर-उधर भागते नजर आए.
पुलिस के सामने डटकर खड़ा हो गया प्रदर्शनकारी
जबकि एक प्रदर्शनकारी पुलिस के सामने डटकर खड़ा हो गया. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिस युवक को घेरे खड़ी है और उस पर चारों तरफ से लाठी बरसाई जा रही हैं, लेकिन वह छात्र आक्रोश में डटा हुआ है और अपने शरीर पर लाठियां सहता जा रहा है. वीडियो में आगे दिखता है कि लाठी खाते युवक को बचाने के लिए RAF की एक महिला जवान आगे आती है और युवक को वहां से दूर करती है. इस दौरान वह युवक गुस्से में नजर आता है, लेकिन अधिकारी उसे समझा-बुझाकर वहां से अलग करते हैं. प्रदर्शन के दौरान बहुत से युवा वहां दिखाई दे रहे हैं जिन्हें रोकने के लिए पुलिस बल प्रयोग करती नजर आ रही है.
यह भी पढ़ें: चलता-फिरता कॉफी कैफे! युवक का अनोखा कॉफी बेचने का तरीका देख लोग बोले- परिवार के लिए…



