BJP : बिहार के बांकीपुर विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है। भाजपा के प्रत्याशी रहे अभिषेक सिन्हा के नामांकन पत्र में परिवार और एजुकेशन से जुड़ी जानकारी में गड़बड़ियों के चलते भाजपा ने यह फैसला लिया। भाजपा को डर था कि गड़बड़ियों के चलते अभिषेक का नामांकन कैंसिल हो सकता है। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
कैंडिडेट बदलना पड़ा
भाजपा को नामांकन के अगले ही दिन अपना कैंडिडेट बदलना पड़ा। पहले घोषित कैंडिडेट अभिषेक सिन्हा ने नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने उनकी जगह नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार बनाया है। बांकीपुर में 30 जुलाई को वोटिंग है और तीन अगस्त को काउंटिंग होगी। इसी सीट से चुनाव लड़ रहे जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और आरजेडी चुनाव में इसे मुद्दा बना सकते हैं। हालांकि अभिषेक ने नाम वापसी के लिए पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है।
कौन है नीरज सिन्हा
नए कैंडिडेट नीरज सिन्हा 20 साल से पार्टी से जुड़े हैं। वे नितिन नवीन के करीबी बताए जा रहे हैं। फिलहाल, मंडल अध्यक्ष हैं। नितिन नवीन ने इसी साल 30 मार्च को बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दिया था।
गुरुवार को अभिषेक ने किया था नामांकन
नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। भाजपा के अभिषेक ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया था। नामांकन सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा भाजपा के सभी सीनियर नेता शामिल हुए थे। गुरुवार को ही आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने नॉमिनेशन किया था। जनसुराज के प्रशांत किशोर 13 जुलाई को पर्चा भरेंगे।
राजपाल यादव को फिर जेल, सलाखों की पीछे कटेंगे 3 महीने, HC ने जुर्माना भी लगाया



