NEET Re Exam 2026: देशभर में आज 21 जून को NEET-UG 2026 री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. लाखों छात्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और हजारों सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है.
शिक्षा मंत्री ने छात्रों को दिया भरोसा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा से पहले छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें NTA, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और, भारतीय शिक्षा और खासकर भारत के छात्रों पर पूरा भरोसा है. उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे बिना किसी डर या चिंता के परीक्षा दें. आप निश्चित रूप से अच्छा करेंगे. छात्रों के लिए मेरी यही शुभकामना है. उन्हें भारत की व्यवस्था पर भरोसा है और आगे भी रहेगा. मंत्री ने आगे कहा कि मैं इस मौके पर एक अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर आपसे गुजारिश करता हूं कि भारत की नई पीढ़ी के भविष्य को खतरे में न डालें.
551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्र
NTA के अनुसार देशभर के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इसके अलावा विदेश के 14 शहरों में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षा अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में होगी. लाखों अभ्यर्थियों को समायोजित करने के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष तैयार किए गए हैं. परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए 1,38,560 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. हर परीक्षा केंद्र और परीक्षा कक्ष की लगातार निगरानी की जाएगी. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेंगे. नकल रोकने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं. इनमें 17,054 जैमर ECIL और 34,257 जैमर BEL द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं. इससे परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल और अन्य संचार उपकरणों के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा.
बायोमेट्रिक और फ्रिस्किंग से होगी जांच
अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 38,798 फ्रिस्किंग कर्मियों और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक उम्मीदवार की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर मौजूद रहेंगे. इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर अतिरिक्त परीक्षा कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है. सभी 5,440 केंद्रों पर सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) तैनात किए गए हैं, जो तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करेंगे. प्रत्येक केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहेंगे.
छात्रों के लिए जरूरी निर्देश
NTA ने उम्मीदवारों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. एजेंसी के अनुसार दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा. छात्रों को अपना प्रिंटेड एडमिट कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो और वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड साथ लेकर जाना होगा. निर्धारित नियमों के अनुसार उम्मीदवार पानी की बोतल भी साथ ले जा सकते हैं.
निष्पक्ष परीक्षा पर फोकस
पिछले विवादों और अनियमितताओं के आरोपों के बाद आयोजित हो रहे इस री-एग्जाम को लेकर सरकार और NTA कोई जोखिम नहीं लेना चाहते. यही वजह है कि इस बार तकनीक, सुरक्षा और निगरानी के स्तर पर अब तक की सबसे बड़ी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: “कांग्रेस बंगाल को लावारिस छोड़ना…” पश्चिम बंगाल के हुगली में PM मोदी ने बोला हमला



