Bengal Politics: कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद बिप्लब देब ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार तंज कसा है. पत्रकारों के एक सवाल का जबाव देते हुए बिप्लब देब ने कहा कि ममता बनर्जी की बात करना ही छोड़ दिजिए, वो समाप्त हो गई है, इस राज्य में कोई ममता नाम से अपनी बेटी का नाम नहीं रखेगा, यह होने वाला है, यह हो चुका है. लोग इतनी घृणा करते हैं. अब नकारात्मक बात नहीं करनी चाहिए सकारात्मक सोचिए. बंगाल ने जनता ने जो भरोसा प्रधानमंत्री मोदी पर जताया है उस भरोसे की हम निश्चित तौर पर रक्षा करेंगे. मेरा विश्वास है मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, कैबिनेट मंत्रियों और बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सब मिलकर अच्छे से काम करेंगे. लोगों की आशाओं को पूरा करेंगे.
ममता बनर्जी पर FIR दर्ज
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज की गई है. ममता पर आरोप है कि उन्होंने 9 मार्च को चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण दिया था. तुषार कांती दास की ओर से शिकायत की गई थी, उनका कहना है कि ममता के बयान से सांप्रदायिक सौहार्द और राज्य की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता था. ममता बनर्जी पर केस दर्ज होने पर TMC सांसद कीर्ति आज़ाद की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि झूठे और मनगढ़ंत केस दर्ज करने की बात है तो ऐसा होता रहेगा. इसमें कुछ नई बात नहीं है. भाजपा शुरू से ही ऐसा करती आ रही है. उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को बुरी तरह निशाना बनाया है. ठीक वैसे ही जैसे अंग्रेज़ों के शासन में होता था. अगर आप भाजपा के साथ जुड़ते हैं, तो आपको फ़ंडिंग मिलती है और आपके केस भी खत्म हो जाएंगे. अगर आप भाजपा के साथ नहीं जुड़ते हैं, तो आपको फ़ंडिंग नहीं मिलेगी और आपके केस नहीं हटाए जाएंगे. अगर केस नहीं होता, तो झूठे आरोप लगा दिए जाएंगे और घर ढहा दिए जाएंगे.
लोकसभा स्पीकर से मिलेंगे TMC के बागी सांसद
ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के बागी सांसद सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने वाले हैं. बागी गुट की सांसद काकोली घोष ने दावा किया है कि उनके पास 22 सांसदों का समर्थन है. बागी गुट खुद को असली तृणमूल कांग्रेस के तौर पर मान्यता देने की मांग करेगा. ममता बनर्जी ने सांसद सायोनी घोष और माला रॉय को भी पार्टी के पदों से हटा दिया है. सायोनी पार्टी की यूथ विंग की अध्यक्ष थीं. वहीं माला रॉय को महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है. बता दें कि टीएमसी के कुल 28 लोकसभा सांसद हैं, लेकिन ममता के पास अब केवल 6 से 8 सांसद बचे हैं. तृणमूल के 13 राज्यसभा सांसदों में से 4 ने सदन से इस्तीफा दे दिया और पार्टी भी छोड़ दी है.
यह भी पढ़ें: खान सर की कोचिंग पर हमले के आरोपी ज्ञान बिंदु वाले रौशन आनंद के भाई की मौत, होटल में मिला शव



