Ballistic Missile Defense: भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा (BMD) प्रणाली का सफल परीक्षण किया है. DRDO ने 10 और 11 जून को किए गए लगातार तीन परीक्षणों में लंबी और मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया. इस सफलता के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जो अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों को भी रोक सकते हैं.
The @DRDO_India has successfully demonstrated multiple crucial technologies bolstering nations defence capabilities against different types of enemy threats.
Three consecutive flight-tests were successfully conducted to demonstrate multi-layered defence against long range… pic.twitter.com/0DKQF0LB30
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) June 13, 2026
भारत की मिसाइल सुरक्षा कवच को मिली नई ताकत
भारत ने अपनी बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा (BMD) प्रणाली का सफल परीक्षण कर रक्षा क्षमताओं में बड़ा मुकाम हासिल किया है. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 10 और 11 जून को लगातार तीन सफल परीक्षण किए. इन परीक्षणों में वायुमंडल के भीतर और वायुमंडल के बाहर बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और नष्ट करने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया.
हवा में ही दुश्मन की मिसाइलों का होगा खात्मा
मल्टी लेयर्ड बैलिस्टिक डिफेंस सिस्टम लंबी दूरी की परमाणु मिसाइलों, अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम), अवाक्स विमानों और दुश्मन के लड़ाकू विमानों को बीच रास्ते में ही रोककर नष्ट करने में सक्षम है. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इंटरसेप्टर मिसाइलों ने अपने-अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक भेदा और सभी परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे.
चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हुआ भारत
मंत्रालय के मुताबिक, इस सफलता के बाद भारत उन विशिष्ट देशों के समूह में शामिल हो गया है, जिनके पास अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने और नष्ट करने की क्षमता मौजूद है. यह उपलब्धि भारत की सामरिक सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेगी और उभरते मिसाइल खतरों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.डीआरडीओ ने मध्यम दूरी की नौसैन्य पोत-रोधी मिसाइल (NASM-MR) का पहला परीक्षण भी सफलतापूर्वक किया. रक्षा मंत्रालय ने इसे देश की समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
क्या है मल्टी लेयर्ड बैलिस्टिक डिफेंस सिस्टम?
बीएमडी प्रणाली दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को दो स्तरों पर रोकती है. ‘एंडो-एटमॉस्फेरिक’ मिसाइलें 100 किलोमीटर से कम ऊंचाई पर काम करती हैं, जबकि ‘एक्सो-एटमॉस्फेरिक’ मिसाइलें वायुमंडल की सीमा से बाहर लक्ष्य को नष्ट कर सकती हैं. यही तकनीक तेज रफ्तार और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम आईसीबीएम जैसी घातक मिसाइलों को भी हवा में मार गिराने की क्षमता प्रदान करती है.
यह भी पढ़ें: धीरज सेठ होंगे देश के नए सेना प्रमुख, 30 जून को जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह संभालेंगे कमान



