Lieutenant General Dhiraj Seth: केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है. वह वर्तमान में उप सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं और 30 जून को मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का पद संभालेंगे.धीरज सेठ का कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक होगा. इस संबंध में रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव सत्यजीत मोहंती के हस्ताक्षर के पत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है. करीब चार दशक के सैन्य अनुभव वाले धीरज सेठ ने देश के कई संवेदनशील मोर्चों पर नेतृत्व किया है. उनकी नियुक्ति को भारतीय सेना की नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक अनुभव को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है.
कई अहम मोर्चों पर निभाई जिम्मेदारी
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के पास लगभग 40 वर्षों का सैन्य अनुभव है. उन्होंने रेगिस्तानी इलाकों, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी सीमा सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं.वह दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जीओसी-इन-सी भी रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन (अंगोला),सेना मुख्यालय और क्षमता विकास से जुड़े कई अहम पदों पर भी सेवाएं दी हैं.
कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से सम्मानित
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने एनडीए खड़कवासला, आईएमए देहरादून, डीएसएससी वेलिंगटन और नेशनल डिफेंस कॉलेज से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है. वे जूनियर कमांड कोर्स में प्रथम स्थान हासिल कर चुके हैं और डीएसएससी में बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर मेडल से सम्मानित हुए थे. उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) सहित कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं.
यह भी पढ़ें: असम के जोरहाट एयर बेस पर कार्गाे एयरक्राफ्ट क्रैश, भारतीय वायु सेना के पांच कर्मियों की मौत



