Prakash Chik Baraik Resign: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी को लगातार झटके लग रहे हैं. पहले उनके 80 में से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं. वहीं पिछले चार दिनों में 3 राज्यसभा सांसद भी ममता का साथ छोड़ चुके हैं. बुधवार को सुष्मिता देव ने रिजाइन किया था. इससे पहले 8 जून को सुखेंदु रे भी राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे चुके हैं. वहीं आज गुरुवार को प्रकाश चिक बारिक ने राज्यसभा सदस्य के पद से इस्तीफा दिया है. अब तक टीएमसी के लोकसभा में 28 में से 20 और राज्यसभा में 13 में से 3 सांसद टूट चुके हैं. वहीं ऋतब्रत बनर्जी विधानसभा में विपक्ष का नेता बनने के लिए स्पीकर को पत्र दे चुके हैं. ऋतब्रत ने बुधवार को कहा था कि हमारे पास 64 विधायक है. बाकी के बचे हुए छह विधायक भी स्पीकर को चिट्ठी सौंपेगे.

TMC छोड़ने के बाद क्या बोली सुष्मिता देव
सुष्मिता देव राज्यसभा सांसद पद और TMC से इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि TMC कौन छोड़ रहा है और क्यों छोड़ रहा है, इसका जवाब तो वही लोग दे सकते हैं. मैं इस पर क्यों टिप्पणी करूं? मैं अपने बारे में बात कर सकती हूं. मैंने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. यह तय करना मेरा अधिकार है कि मैं किस तरह की राजनीति करूंगी, कहां से करूंगी या नहीं करूंगी. इस पर मुझे कुछ दिनों का समय चाहिए. मेरे व्यक्तिगत, राजनीतिक कारण हैं और एक स्वतंत्र देश में कोई भी व्यक्ति अपने राजनीति जीवन में कोई भी निर्णय ले सकता है. मुझे असम में काम करना है, तो उसको सामने रखकर मैंने यह निर्णय लिया है. मैं अभी किसी भी पार्टी में नहीं हूं. हालांकि सुष्मिता देव की असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ एक फोटो भी सामने आई थी, जिसको लेकर कयास लगाए जा रहा हैं कि वो भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकती है. इतना ही नहीं बीजेपी उन्हें असम से राज्यसभा भी भेज सकती है.
कांग्रेस में होगा TMC का विलय?
वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कांग्रेस में विलय की अटकलें भी तेज होती जा रही है. बीते मंगलवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में ममता बनर्जी में हिस्सा लिया और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की. इसके बाद बुधवार को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से 10 जनपथ पर मुलाकात की. लगातार हो रही मुलाकातों ने राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस में TMC के विलय की अटकलों को और तेज कर दिया.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस में होगा TMC का विलय? राहुल गांधी से अभिषेक बनर्जी की मुलाकात, पहले सोनिया से मिलीं ममता बनर्जी



