DK Shivkumar: कर्नाटक के अगले सीएम डीके शिवकुमार होंगे। वह अभी उपमुख्यमंत्री हैं। बेंगलुरु में शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया ने 28 मई को इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस नेता चंद्रशेखर के मुताबिक, शपथ ग्रहण 3 जून को लोक भवन के ग्लास हाउस में होगा। सूत्रों के मुताबिक सीएम के साथ-साथ कैबिनेट भी बदलेगी। मौजूदा कैबिनेट से 10 मंत्री हटाए जा सकते हैं। इसमें सिद्धारमैया और मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे भी शामिल होंगे। 4 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं।
सीएम रोटेशनल फॉर्मूला
शिवकुमार सीएम रोटेशनल फॉर्मूला के तहत मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। सिद्धारमैया 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री रहे हैं। आज की बैठक में कर्नाटक कांग्रेस इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। दोनों को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
बैठक में शिवकुमार के प्रस्ताव का समर्थन परमेश्वर ने किया
कांग्रेस के सभी विधायकों ने मिलकर प्रस्ताव पास किया, इसमें यह तय किया गया कि नए नेता का फैसला कांग्रेस की केंद्रीय लीडरशिप करेगी। इसके बाद सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार का नाम नए सीएम नेता के तौर पर पेश किया। गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने प्रस्ताव का समर्थन किया, सभी विधायकों ने एकमत से इसका समर्थन किया। शिवकुमार ने एक प्रस्ताव रखकर सिद्धारमैया का शुक्रिया अदा किया। बैठक के दौरान सिद्धारमैया, वेणुगोपाल और सुरजेवाला अलग कमरे में चले गए और आपस में बात की। इसके बाद बैठक फिर शुरू हुई और शिवकुमार को नेता चुना गया। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर नेताओं में हैं। उनके पास 1413 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। वह रियल एस्टेट, खनन, होटल कारोबारी भी हैं। दिलचस्प ये है कि इतनी संपत्ति के बावजूद उनके चुनावी हलफनामे में एक टोयोटा क्वालिस कार दर्ज है। 263 करोड़ का कर्ज भी है।
यह भी पढ़ें : बंगाल में सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट, BJP कार्यकर्ताओं पर आरोप
यह भी देखें: “हम आतंकवादी थे क्या?” राजस्थान यूनिवर्सिटी विवाद पर RLP की सरकार को खुली चेतावनी



