Cockroach Janta Party: दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बड़ा झटका दिया. कोर्ट ने पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ अकाउंट को तुरंत बहाल करने की मांग ठुकरा दी. यह अकाउंट 21 मई को ब्लॉक किया गया था. पार्टी ने हाल में NEET-UG पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाया था, जिससे यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से चर्चा में आई थी.
कोर्ट ने तत्काल राहत देने से किया इनकार
दिल्ली हाईकोर्ट में जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव की अदालत ने अभिजीत दीपके की याचिका पर सुनवाई की. याचिका में मांग की गई थी कि ‘एक्स’ पर ब्लॉक किए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अकाउंट को तुरंत बहाल किया जाए. हालांकि अदालत ने फिलहाल इस मामले में तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया.
21 मई को ब्लॉक हुआ था अकाउंट
कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक एक्स हैंडल 21 मई को भारत में ब्लॉक कर दिया गया था. इसके बाद समर्थकों ने ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया हैंडल बनाया, जिसके 2.27 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं. यह अभियान अपने अनोखे प्रतीकों और डिजिटल विरोध शैली की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है.
‘कॉकरोच’ टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
इस विवाद की शुरुआत 15 मई को हुई थी, जब सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ संबंधी टिप्पणियां चर्चा में आई थीं.इसके बाद अभिजीत दीपके ने 16 मई को कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की. पार्टी का दावा है कि वह युवाओं की आवाज उठाने और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए काम कर रही है. 16 मई को चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए कहा था कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी युवाओं के खिलाफ नहीं, बल्कि फर्जी और अवैध डिग्री के जरिए कानूनी पेशे में आने वालों के खिलाफ थी. सीजेपी ने हाल में NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ अभियान शुरू किया था. पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में कथित खामियों को लेकर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की है.



