Udhayanidhi Stalin Sanatan Row: तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा की गई सनातन पर टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. दरअसल, विधानसभा में बोलते हुए स्टालिन ने कहा कि सनातन धर्म, जो लोगों को बांटता है, उसे निश्चित रूप से समाप्त कर देना चाहिए. स्टालिन के बयान पर बीजेपी लगातार हमलावर होती जा रही है. इसी कड़ी में भाजपा प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने स्टालिन की टिप्पणी पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि चाहे DMK हो, चाहे कांग्रेस हो, या चाहे जोसेफ विजय की पार्टी TVK हो, ये सभी, कहते हैं न, एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं और इसलिए इनकी पहचान ‘करो सनातन हिंदू का अपमान. पहले उदयनिधि स्टालिन ने बोला सनातन को इरैडिकेट करना है, कांग्रेस ने इसका समर्थन किया, उनके विधायक ने एक बात रखी और फिर TVK के मंत्री ने भी और TVK के विधायक ने भी इसी बात को दोहराने का काम किया.
“अपनी मां को मंदिर जाने से रोककर दिखाएं”
इससे पहले स्टालिन के सनातन धर्म को मिटाने वाले बयान पर भाजपा नेता अन्नामलाई ने भी पलटवार किया था. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को मिटाने का इतना ही शौक है तो पहले अपनी मां दुर्गा स्टालिन को मंदिर जाने से रोककर दिखाएं. अन्नामलाई ने कहा कि वे स्टालिन को श्रीमद्भगवद्गीता गिफ्ट करना चाहते हैं. जिसे वे पढ़े, अन्नामलाई ने तंज कसते हुए कहा कि वे श्रीमद्भगवद्गीता को इस तरीके से न पढ़े जैसे उन्होंने परीक्षाओं में पढ़ाई की है. इसे अच्छे से पढ़ेंगे तो समझ आएगा कि सनातन धर्म क्या है?
वहीं अन्नामलाई के बयान के जवाब में DMK के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म क्या है? उन्हें यह समझाना चाहिए. उनके पास इसका कोई जवाब नहीं है. हम लोगों से यह नहीं कह रहे कि वे हिंदू न बनें. हम लोगों से यह भी नहीं कह रहे कि वे मंदिरों में न जाएं. यह हमारा काम नहीं है.
वहीं दूसरी तरफ टीवीके के विधायक वी.एम.एस. मुस्तफा ने स्टालिन की सनातन विरोधी टिप्पणी का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि हम हम टीवीके में पेरियार ईवी रामासामी और बीआर आंबेडकर के विचारधाराओं का पालन करते हैं और हम सनातन का विरोध करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हालांकि विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपनी टिप्पणी को वापस ले लिया.
“अल-कायदा के कट्टरपंथी जैसी लग रही थीं”
TVK विधायक की टिप्पणी पर भाजपा नेता टी.आर. श्रीनिवास ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि TVK के नए चुने गए विधायक मुस्तफ़ा ने एक बहुत ही गलत बयान दिया. उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य मकसद सनातन धर्म को खत्म करना है. उनकी बातें किसी अल-कायदा के कट्टरपंथी जैसी लग रही थीं, जो धरती से और खासकर तमिलनाडु से, हिंदू धर्म को मिटा देना चाहता हो. इस पर हुई ज़बरदस्त आलोचना को देखते हुए, अर्जुन जो उन नए चुने गए मंत्रियों में से एक हैं उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया और अपनी बात से पलट गए उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों में विश्वास रखते हैं और हिंदू धर्म में मौजूद असमानता के खिलाफ हैं.



