Pune Rape Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे जिले के नरसपुर गांव में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे महाराष्ट्र को हिला दिया है. रेप-हत्या की जांच के लिए विशेष जांच टीम(SIT) गठित की गई है. पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, SIT टीम में 2 महिला पुलिसकर्मियों सहित 6 पुलिस अधिकारी शामिल हैं. जांच की प्रगति के आधार पर SIT टीम में और अधिकारियों और कर्मियों को शामिल किया जाएगा. यह टीम मामले की गहन जांच करेगी. वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियों के नेता घटना को लेकर सरकार को घेर रहे हैं. इसी कड़ी में NCP-SCP नेता अनिल देशमुख ने कहा कि ये मानवता को नीचे दिखाने वाली घटना है. जो आरोपी है उसे जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए. जब मैं हमारी सरकार में गृह मंत्री था तब हम ऐसे आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए शक्ति आपराधिक कानून विधेयक लाए थे. उसे हमने विधानसभा और विधानपरिषद में मंजूर किया. हालांकि केंद्र सरकार से इस कानून को लेकर मंजूरी नहीं आई. हमने कई बार प्रयास किया लेकिन महाराष्ट्र में सरकार बदल गई और भाजपा की सरकार आई.
“दोषी को जल्द से जल्द सजा देना है”
अनिल देशमुख ने आगे कहा कि अब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है फिर भी महाराष्ट्र में शक्ति कानून को अमल नहीं किया गया. आज की तारीख में यदि ये कानून होता तो किसी दरिंदे की हिम्मत नहीं होती कि वे इस तरह की घटना को अंजाम दे. यदि इस प्रकार के मामलों में दोषी को जल्द से जल्द सजा देना है तो सरकार को शक्ति कानून को जल्द से जल्द लागू करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: चेन्नई में चलती फ्लाइट से इमरजेंसी गेट खोलकर बाहर कूदा शख्स, मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार
“महाराष्ट्र कलंकित हो रहा है”
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने नसरपुर दुष्कर्म मामले पर कहा कि बहुत ही व्यथित हूं, नाराजगी भी है. भाजपा ने चुनाव से पहले नारा दिया था लेकिन वे आज महाराष्ट्र को कहां लेकर गए हैं. महाराष्ट्र कलंकित हो रहा है. हमने संस्कृतिहीन महाराष्ट्र बना दिया है जिसमें संस्कृति कहां गई ये पता नहीं चल पा रहा है. साधु-संतों की इस भूमि पर इतने अनाचारी लोग पैदा हो रहे हैं क्योंकि वे राजनीतिक भ्रष्ट लोगों को देख रहे हैं. लोगों में भय भी नहीं रहा, कानून तो कार्रवाई करेगा ही लेकिन हमारी बच्ची तो चली गई.
“दोषी को फांसी पर चढ़ाने की मांग”
वहीं AIMIM नेता वारिस पठान ने पुणे में 3 साल की बच्ची से दरिंदगी की घटना पर आक्रोश जताया और 6 महीने में ट्रायल पूरा कर दोषी को फांसी पर चढ़ाने की मांग की. उन्होंने कहा कि पुणे में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ जो दरिंदगी हुई, वह सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना है. इसने पूरे समाज को अंदर तक हिला दिया है. इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और 6 महीने के भीतर ट्रायल पूरा करके दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.



