Ayodhya Ram Mandir Namaz Controversy: अयोध्या के राम मंदिर में कश्मीरी शख्स और युवती द्वारा नमाज पढ़ने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कश्मीरी युवक को धार्मिक गतिविधि करते हुए सुरक्षाबलों ने हिरासत में ले लिया. मीडिया रिपोर्टस की मानें तो कश्मीरी शख्स ने राम मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटा क्षेत्र में सीता रसोई के पास नमाज पढ़ने का प्रयास किया. वो कश्मीरी वेशभूषा में था, वो राममंदिर के गेट D1 से घुसा था. उसका नाम अहमद शेख है, वो कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है.
युवक ने कथित तौर पर नारेबाजी की
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने पर युवक ने कथित तौर पर नारेबाजी की. जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए. हालांकि प्रशासन की तरफ से अभी कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है. राम मंदिर ट्रस्ट ने भी पूरे प्रकरण पर चुप्पी साध रखी है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही है. अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से हर दिन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं. मंदिर पर आतंकी हमले को लेकर धमकियां भी मिलती रही है. ऐसे में मंदिर में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए यहां NSG का हब बनाने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें: “शैवों को खाना खाने..” राम मंदिर के आसपास मांस-मछली बंद होने पर बोले कांग्रेस नेता
अयोध्या में मांस की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा
अयोध्या में राम मंदिर के आसपास मांस की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है. हालांकि यह आदेश पहले से ही लागू है लेकिन ऑनलाइन कंपनियों द्वारा क्षेत्र में मांसाहारी खाद्य पदार्थ की डिलीवरी की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती बरती है. यह प्रतिबंध अब केवल होटल, ढाबे और दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर लागू होगा.



