World Tribal Day : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी धानका जन कल्याण समिति (राजस्थान) की जयपुर शहर शाखा की ओर से 9 अगस्त 2026 को घाटगेट स्थित सोफिया स्कूल के सामने वाले चौक पर भव्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के प्रबुद्धजन, युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए।
मास्टर चमन लाल धानका रहे मुख्य अतिथि
विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदिवासी धानका जन कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष मास्टर चमन लाल धानका रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के उपाध्यक्ष राजेश मोरवाल ने किया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम शाम 4 बजे तक उत्साहपूर्ण माहौल में चला।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विश्व आदिवासी दिवस समारोह के दौरान समाज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों को मौजूद लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को भी प्रदर्शित किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर समाज और जनहित के क्षेत्र में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने समाज के उत्थान में योगदान देने वाले लोगों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण, समाज के संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा और सामाजिक उत्थान से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भंवर निर्वाण, रोहित इंदौरा, सुनील मावर, राजकुमार कायत, जगदीश प्रसाद लुगरिया, राम सिंह परमार, अर्जुन इंदौरा, राम गोपाल तंवर (सेवादार), सोहन प्रकाश तंवर (कविराज), बाबूलाल मावर, पीडी सोलंकी, अजय देरान और प्रेम भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर समिति के अध्यक्ष बजरंग सोलंकी और महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह भी पढें –जयपुर में ‘एक तिरंगा–एक भारत’ कार्यक्रम, सम्मान-समानता और समावेशन का दिया संदेश
यह भी देखें-श्योसिंहपुरा में बुनियादी सुविधाओं का अकाल! सड़क, पानी, बस सब बदहाल | ग्रामीणों की खुली पीड़ा



