Culture Program : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कला मंज़र संस्था द्वारा संचालित ‘हैंड्स टुगेदर अभियान’ के तहत कोणार्क अकादमी सोसायटी के सहयोग से ‘एक तिरंगा–एक भारत’ (सम्मान • समानता • समावेशन) कार्यक्रम का आयोजन उमंग स्कूल, जयपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग और सामान्यजन के बीच सम्मान, समान अवसर तथा समावेशी समाज की भावना को मजबूत करना रहा।
कर्नल बी.बी. पटनायक रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल बी.बी. पटनायक (सेवानिवृत्त), पूर्व कमांडर, 3 ग्रेनेडियर्स और प्रतिमा पटनायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नृत्य गुरु एवं अभिनेत्री उषा श्री ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान की प्रसिद्ध लोक गायिका और ‘राजस्थान की लता मंगेशकर’ के नाम से विख्यात मरू कोकिला सीमा मिश्रा ने शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बसंत जैन और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लघुचित्र कलाकार अजय गर्ग मौजूद रहे।
‘वन्दे मातरम्’ की प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रतिमा पटनायक के नेतृत्व में सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। स्वागत उद्बोधन में कला मंज़र संस्था एवं हैंड्स टुगेदर अभियान की संस्थापक मीनाक्षी माथुर ने कहा कि ‘एक तिरंगा–एक भारत’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक अभियान है जो सम्मान, समानता और समावेशन के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है। संस्था की अध्यक्ष शोभा सक्सेना ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न, तिरंगा चुनरी और तिरंगा ब्रोच भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
विशेष बच्चों ने प्रतिभा से जीता दिल
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रीनिर्मल विवेक स्पेशल स्कूल के बौद्धिक रूप से विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति के साथ सामाजिक समानता और समावेशन का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिवानी शर्मा ने किया। वहीं लक्की मीना ने सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के माध्यम से मंच संचालन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को श्रवण दिव्यांगजनों के लिए सुगम बनाया। इस पहल ने कार्यक्रम के ‘समावेशन’ के संदेश को व्यावहारिक रूप दिया।
प्रतिभागियों का सम्मान
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन के जरिए ‘एक तिरंगा–एक भारत’ की भावना के साथ समाज में सम्मान, समान अवसर और समावेशन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें –जयपुर में हॉस्पिटल परिसर की टंकी पर चढ़े तीन संविदा-नर्सिंगकर्मी, सिविल डिफेंस ने नीचे लगाया जाल
यह भी देखें – जयपुर में शहीद स्मारक पर उमड़ा तृतीय श्रेणी शिक्षकों का सैलाब | सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन



