Shubham Rewad : राजस्थान विश्वविद्यालय में राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता शुभम रेवाड़ का आंदोलन बुधवार को 14वें दिन में प्रवेश कर गया। वहीं आज राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत छात्र नेता शुभम रेवाड से मिलने एसएमएस हॉस्पीटल पहुँचें और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। शुभम रेवाड़ फिलहाल जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं। आंदोलन से जुड़े लोगों का दावा है कि उन्होंने पिछले 24 घंटों से न केवल अन्न, बल्कि पानी का भी पूर्ण त्याग कर दिया है और किसी भी प्रकार का मेडिकल उपचार लेने से भी इनकार कर दिया है।
बिना पानी और इलाज के बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों की निगरानी में
लंबे समय से जारी अनशन और चिकित्सा सहायता नहीं लेने के फैसले के बाद शुभम रेवाड़ की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके वाइटल्स और कीटोन स्तर की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, यदि लंबे समय तक पानी और उपचार नहीं लिया गया तो स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और छात्र समर्थकों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
प्रदेशभर से छात्रों का समर्थन मिलने का दावा
आंदोलन से जुड़े छात्र संगठनों का कहना है कि सूरतगढ़, बीकानेर, जोधपुर और सीकर सहित प्रदेश के कई जिलों से छात्रों का समर्थन मिल रहा है। समर्थकों का दावा है कि आंदोलन को लेकर युवाओं में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। छात्र प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उनका कहना है कि यदि शुभम रेवाड़ के स्वास्थ्य को कोई गंभीर नुकसान होता है तो इसकी नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।
यह भी पढ़ें –उदयपुर कोर्ट से विधायक रविन्द्र भाटी कोविड आंदोलन मामले में दोषमुक्त
यह भी देखें –जयपुर के हरमाड़ा से विकास गायब! जनता ने खोली प्रशासन की पोल | Ground Report | KBP Times



