Candidates : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग के बाद भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। अलवर की रामगढ़ नगर पालिका के कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी में शामिल निर्दलीय प्रत्याशी को लेने पुलिस आई तो हंगामा हो गया।
किडनैप की शिकायत पर पहुंची पुलिस
अकबरपुर के धवला रिसोर्ट में रुके वार्ड 10 से निर्दलीय प्रत्याशी योगेश मिश्रा को अकबरपुर और रामगढ़ थाना पुलिस टीम ले जाने के लिए पहुंची। पुलिस का कहना था कि योगेश के किडनैप की शिकायत मिली है। योगेश मिश्रा ने पुलिस को कहा कि मेरा किडनैप नहीं हुआ है। मैं अपनी मर्जी से कांग्रेस की बाड़ेबंदी में आया हूं। इसके बाद भी पुलिस टीम योगेश मिश्रा को अपने साथ ले जाने की कोशिश करती रही। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक और खींचतान हुई। करीब 1 घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस लौट गई।
भाजपा प्रत्याशी के साथ बच्चे भी
उधर, जयपुर में भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों को दिल्ली रोड स्थित रिसोर्ट में ठहराया है। यहां महिला प्रत्याशी अपने बच्चों के साथ पहुंची। चित्तौड़गढ़ की रावतभाटा नगर पालिका के भाजपा प्रत्याशियों को पार्टी ने 9 सितंबर को चुनाव के बाद शहर से बाहर भेज दिया था। इन प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे स्विमिंग पूल में नहाते हुए नजर आ रहे हैं।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं फिर भी …
जयपुर में वार्ड 62 के एक बूथ पर 110 वोटर्स का नाम वोटर लिस्ट से डिलीट होने के बावजूद उनके वोट डाले गए। इस बूथ पर राज्य निर्वाचन आयोग ने कल रिपोलिंग करवाने का फैसला किया है। राजसमंद जिले की आमेट नगरपालिका में चुनाव के बाद भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की गई। भाजपा प्रत्याशियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सभी प्रत्याशी मंदिर में भजन कीर्तन करते नजर आ रहे हैं। अजमेर में शनिवार सुबह बीजेपी के प्रत्याशी विधायक अनिता भदेल के घर पहुंचे। शुक्रवार को वोटिंग के बाद भाजपा ने कुछ प्रत्याशियों को देर रात पुष्कर भेज दिया। कांग्रेस ने आज दोपहर में सभी प्रत्याशियों को बुलाया है।
निजी बस से गुजरात रवाना
जालोर जिले की सांचौर नगरपालिका में भाजपा के सभी 35 प्रत्याशियों को रात करीब दस बजे निजी बस से गुजरात के एक रिसॉर्ट में भेजा गया।
यह भी पढ़ें –वोटिंग खत्म होने के साथ ही भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी; सुरक्षित जगह भेजा
यह भी देखें – जयपुर नगर निगम चुनाव में किसका पलड़ा भारी? किशनपोल विधानसभा के वार्डों का सटीक विश्लेषण



