Fatty Liver: आज के दौर में फैटी लिवर एक आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है. खराब खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और बढ़ती जीवनशैली संबंधी गलतियों के कारण बड़ी संख्या में लोग इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं. फैटी लिवर तब होता है जब लिवर में सामान्य से अधिक मात्रा में वसा जमा होने लगती है, जिससे उसकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है.समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो यह समस्या लिवर में सूजन, सिरोसिस और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है.विशेषज्ञों के अनुसार कुछ खाद्य पदार्थों और आदतों से दूरी बनाकर फैटी लिवर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
प्रोसेस्ड फूड्स से भी रहें सतर्क
पैकेज्ड सूप, रेडी-टू-ईट मील्स, सॉसेज, बेकन और अन्य प्रोसेस्ड फूड्स में प्रिजर्वेटिव्स, केमिकल्स और नमक की मात्रा अधिक होती है. इन्हें प्रोसेस करने के लिए लिवर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे लंबे समय में लिवर को नुकसान पहुंच सकता है.
फ्राइड फूड्स से रखें दूरी
समोसा, कचौड़ी, पकौड़े, पूरियां और फ्रेंच फ्राइज जैसे तले हुए खाद्य पदार्थों में ट्रांस फैट और कैलोरी भरपूर मात्रा में होती है.ये शरीर में आसानी से नहीं जलते और धीरे-धीरे लिवर में जमा होकर उसकी कार्यक्षमता को प्रभावित करते हैं.
जंक फूड्स भी हैं नुकसानदायक
बर्गर, पिज्जा, मोमोज, नूडल्स और पैकेज्ड स्नैक्स जैसे जंक फूड्स स्वादिष्ट जरूर होते हैं, लेकिन इनमें पोषण कम और अनहेल्दी फैट अधिक होता है.साथ ही इनमें मौजूद प्रिजर्वेटिव्स और अतिरिक्त नमक लिवर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं.
स्वीटेंड ड्रिंक्स बढ़ाते हैं खतरा
कोल्ड ड्रिंक, सोडा, पैकेज्ड जूस और एनर्जी ड्रिंक्स में रिफाइंड शुगर और हाई फ्रक्टोज कॉर्न सिरप की मात्रा अधिक होती है.ये तत्व शरीर में जाकर तेजी से फैट में बदलते हैं और लिवर में जमा होने लगते हैं.नियमित सेवन से लिवर में सूजन और फैटी लिवर का खतरा बढ़ जाता है.
ज्यादा मीठा खाना पड़ सकता है भारी
केक, पेस्ट्री, मिठाई, चॉकलेट और अन्य डेजर्ट्स में रिफाइंड शुगर अधिक होती है.जरूरत से ज्यादा चीनी शरीर में फैट के रूप में स्टोर होने लगती है,जो धीरे-धीरे लिवर में जमा होकर फैटी लिवर की समस्या को बढ़ा सकती है.
शराब से लिवर को होता है सबसे ज्यादा नुकसान
विशेषज्ञों के अनुसार शराब फैटी लिवर का एक बड़ा कारण है.इसके नियमित सेवन से लिवर की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त होती हैं और सूजन बढ़ने लगती है.लंबे समय तक शराब पीने से सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: एक सप्ताह तक सिर्फ नारियल पानी पीने से हो सकता है शरीर को नुकसान



