Monsoon 2026: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है.दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है, जबकि कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का असर देखने को मिलेगा.
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो चुकी है.भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून केरल पहुंच गया है. हालांकि इस बार मानसून सामान्य समय से करीब तीन दिन देरी से पहुंचा है. मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है.केरल के अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है.
उत्तर और मध्य भारत में सक्रिय हुआ प्री-मानसून
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना समेत कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक क्यूम्युलोनिम्बस (CB) बादलों के प्रभाव से 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है.
24 राज्यों में जारी किया गया अलर्ट
IMD ने राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा और तेलंगाना सहित 24 राज्यों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश,ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट है. वहीं दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कई इलाकों में अब भी गर्मी का प्रकोप
मौसम में बदलाव के बावजूद गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है.
5 और 6 जून के लिए विशेष चेतावनी
5 जून को राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 6 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में भड़की आग, 20 से ज्यादा झुलसे, 5 की मौत



