Mahashivratri : देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। 12 ज्योतिर्लिंग और शिव मंदिरों में आधी रात से ही दर्शन-पूजन करने के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। महाकालेश्वर मंदिर में लगभग 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।महाशिवरात्रि पर उज्जैन में महाकाल मंदिर के पट रात 2.30 बजे से खुले हैं। यहां लगातार 44 घंटे दर्शन-पूजन होगा। इस दौरान शयन आरती नहीं होगी। 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली भस्म आरती भी होगी। महाकाल का दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए 3 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। 100 किलो आंकड़े के फूल, सवा लाख बेल पत्र, 200 किलो देसी फूल से बना 11 फुट का सेहरा बनाया जाएगा।
विभिन्न राज्यों में शिवमंदिरों में दर्शन के लिए भीड़
मध्यप्रदेश के खंडवा में महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर मंदिर को रात 3 बजे से दर्शन के लिए खोला गया है। यहां 24 घंटे तक लगातार दर्शन पूजन किया जाएगा। वहीं, काशी के विश्वनाथ मंदिर में रात 2.15 बजे मंगला आरती की गई। 3.30 बजे मंदिर दर्शन के लिए खुल गया। यहां रात से भक्तों की लंबी लाइन लगी है। झारखंड के देवघर में बाबाधाम मंदिर में शनिवार को परंपरानुसार पंचशूलों की विशेष पूजा की गई। इसके बाद मंदिर के शिखरों पर पंचशूलों की पुनर्स्थापना के साथ ही बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती का पारंपरिक गठबंधन भी हुआ। यहां महाशिवरात्रि पर सुबह 3.15 बजे विशेष पूजा की गई। सुबह 4.25 बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शिव-पार्वती विवाह होगा। शाम को शिव बारात निकाली जाएगी।
यह भी पढ़ें : PM मोदी का ढाका जाना तय नहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ होगी मीटिंग
घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग में 24 घंटे होंगे दर्शन
महाशिवरात्रि पर खुल्ताबाद तालुका के वेरुल में बारहवें ज्योतिर्लिंग श्री घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में करीब दो लाख भक्त आएंगे। मंदिर ट्रस्ट और एडमिनिस्ट्रेशन ने देश भर से आने वाले भक्तों के तैयारी की है। 24 घंटे से ज़्यादा समय तक बिना रुकावट दर्शन होते रहेंगे। आधी रात को महाभिषेक के बाद दर्शन शुरू हो गए थे। काशी विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे भक्तों पर फूल बरसाए, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) विश्व भूषण मिश्रा ने महाशिवरात्रि 2026 के मौके पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों पर फूल बरसाए।
यह भी देखें : “वकील साहब आप टाइम पर आओ!” जयपुर कलेक्ट्रेट सर्किल बना ट्रैफिक जाम का अड्डा
वाराणसी में भगवान शिव की विशेष मंगला आरती
वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर में सुबह 2.15 बजे मंगला आरती हुई। इस वक्त काशी में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के सीईओ विश्व भूषण मिश्रा ने कहा कि आज सुबह तक 7 बजे तक 1.6 लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं।



