White House Shooting News: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार (23 मई) शाम (अमेरिकी समय के अनुसार) व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी से हड़कंप मच गया. घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे. सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर नेसिर बेस्ट मारा गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया.
फायरिंग से मचा हड़कंप
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी की घटना से सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट हो गई हैं. घटना उस समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 25 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं.
सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नेसिर बेस्ट के रूप में हुई है. वो खुद को यीशु मसीह मानता था. उसने व्हाइट हाउस के चेकपॉइंट के पास रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे ढेर कर दिया. गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
FBI और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना के बाद फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की टीम मौके पर पहुंची. एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर मामले की जांच की जा रही है. वहीं फायरिंग के बाद व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन को खाली करा लिया गया. स्नाइपर टीमों को छतों पर तैनात किया गया और प्रेस ब्रीफिंग रूम बंद कर दिया गया. हथियारों से लैस एजेंट पूरे परिसर में गश्त करते दिखाई दिए.
“घटना के समय प्रेसिडेंट व्हाइट हाउस में थे”
U.S. सीक्रेट सर्विस ऑफिस ऑफ़ कम्युनिकेशंस ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी देते हुए लिखा कि शनिवार शाम 6 बजे के करीब 7th स्ट्रीट और पेन्सिलवेनिया एवेन्यू के इलाके में एक आदमी ने अपने बैग से हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी. सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध को गोली लगी, जिसे इलाके के हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. शूटिंग के दौरान, एक राहगीर को भी गोली लगी. घटना के समय प्रेसिडेंट व्हाइट हाउस में थे.



