Trivandrum-Delhi Rajdhani Express Fire News: राजस्थान के कोटा रेल मंडल में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई है. राजस्थान एक्सप्रेस के बी-1 (B1) एसी कोच में सुबह करीब साढ़े 5 बजे अचानक आग लग गई. हादसा कोटा रेल मंडल के अंतर्गत रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास लूणी रिच्छा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ.
एसी कोच पूरी तरह जलकर खाक
आग इतनी भयानक थी कि राजस्थान एक्सप्रेस के बी-1 (B1) एसी कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया. गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया. वहीं आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. हादसे की वजह से रेलवे ने एहतियातन तुरंत बिजली की सप्लाई को बंद करवा दिया. जिसकी वजह से इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन फिलहाल पूरी तरह से ठप हो गया है.
“किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई”
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने आग लगने की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दुर्घटना ट्रेन को कोटा रवाना कर दिया. साथ ही रेलवे डीआरएम अनिल कालरा सहित रेलवे के तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए. ट्रेन में लगी आग पर काबू पा लिया गया है. किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है. यात्रियों के सामान को शिफ्ट कर दिया गया है. आग दो कोट में लगी थी.
“आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है”
सीनियर डीसीएस सौरभ जैन ने आगे बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है. लेकिन शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी. रेलवे ने पूरी घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं. एसी कोच में रखे सामान के नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है. आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी. जिसके बाद ट्रेन को रुकवाकर यात्रियों को बाहर निकाला गया.
बता दें कि त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस रविवार अल सुबह 3 बजकर 45 मिनट पर मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी. इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था. लेकिन उससे पहले ही विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास ट्रेन के कोच में आग लग गई.



