Manikarnika Ghat Demolition: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर बुलडोजर एक्शन के बाद सियासत गरमा गई है. ओडिशा के भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि शायद दुनिया में कहीं ऐसा नहीं होता होगा कि अपनी पुरानी चीजों को तोड़ दें. दुर्भाग्य है कि ऐसी सरकार है जो विरासत को बर्बाद करना चाहती है. इन्हें संरक्षण करना चाहिए, इतिहास को और अच्छा बनाना चाहिए, नष्ट नहीं करना चाहिए. बीजेपी को हेरिटेज समझ नहीं आती. वो इतिहास मिटाना चाहती है. किसी के अच्छे काम को यह पसंद नहीं करते.
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि सोचिए काशी का मंदिर किस जमाने का बना हुआ है. वह बहुत सुंदर था. दुनिया में तमाम देश हैं. जहां इन्हें जाकर देखना चाहिए कि अपने पूर्वजों की चीजों का संरक्षण कैसे किया जाता है. उन्हें संरक्षण की परिभाषा समझ नहीं आती. यह पहली बार मंदिर तोड़े नहीं गए है. शायद धरती पर किसी राजा ने इतने मंदिर नहीं तोड़े होंगे जितने बीजेपी ने पौराणिक मंदिर तोड़े हैं.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बोले PM Modi-घुसपैठियों को वोटर बना रही TMC, भाजपा इन्हें देश से निकालेगी
“बीजेपी ने पूरे काशी का बुरा हाल कर दिया है”
उन्होंने आगे कहा कि इतना ही नहीं, हम एक मंदिर बना रहे हैं जिसमें बीजेपी वाले टंगड़ी लड़ा रहे हैं. हर बार वह कुछ न कुछ करते हैं. बीजेपी ने पूरे काशी का बुरा हाल कर दिया है. न क्योटो बना, न काशी रही. ये वो लोग हैं जो सब तोड़ देना चाहते हैं. तोड़ देने में इन्हें लाभ हैं. क्योंकि अगर तोड़ देंगे तो किसी को ठेक देंगे, ठेका देंगे तो एस्टीमेट डबल बनवाएंगे. डबल बनवाएंगे तो मुनाफा कमाएंगे. मुनाफा कमाने के लिए मंदिरों को तोड़ा जा रहा है.
“बड़े पैमाने पर दुर्घटना में मौतें हो रही हैं”
वहीं भुवनेश्वर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पक्ष यह है कि अगर कोई गरीब व्यक्ति अस्पताल आता है, तो उसका इलाज फ्री होना चाहिए. यह बेहतरीन काम समाजवादी सरकार में किया गया था, जहां पर कई मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था की गई थी कि किसी भी गरीब को कार्ड नहीं दिखाना पड़ेगा. अखिलेश यादव ने कहा कि ‘हेल्दी इंडिया’ स्लोगन नहीं होना चाहिए, यह मिशन होना चाहिए. जैसा कि हमारे एक पत्रकार साथी ने कहा, जब इमरजेंसी या दुर्घटना में मौतें होती हैं, तो जो इमरजेंसी इलाज या समय पर मदद मिलनी चाहिए, वह अक्सर नहीं मिल पाती है और उसका परिणाम यह है कि बड़े पैमाने पर दुर्घटना में मौतें हो रही हैं.



