ShivSena : महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के 9 में से 6 सांसद सोमवार को एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। बागी सांसदों ने शिंदे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी बदलने की घोषणा की। इस दौरान शिंदे ने कहा- जब हमने विद्रोह किया था, तब 40 विधायक थे और अब छक्के लग चुके हैं। 2022 में पार्टी और धनुष-बाण बचाने के लिए विद्रोह किया था। हमारी लड़ाई बालासाहेब के विचारों को बचाने के लिए है, इसीलिए आज इन 6 सांसदों ने बालासाहेब की असली शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है। 6 सांसदों के शामिल होने के बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। वहीं उद्धव गुट में 9 में से सिर्फ 3 सांसद बचे हैं।
पार्टी बदलने वाले सांसद बिकाऊ
सांसदों के दल-बदल पर उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे ने एक्स पर लिखा कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी बिकाऊ है। कम से कम यह मान लीजिए कि लालच की वजह से आपने रातोंरात बिना किसी शर्म के यह सब छोड़ दिया।
उद्धव की बैठक में 4 विधायक नहीं पहुंचे
इससे पहले उद्धव ठाकरे ने मुंबई में अपने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक की, जिसमें मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक में उद्धव गुट के 4 विधायक निजी कारणों से नहीं पहुंचे। पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनाव में 288 में 20 सीटें जीती थीं।
शिंदे ने 6 गद्दार पैदा किए
उद्धव ने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक के बाद मीडिया से कहा कि उन्हें (बागी सांसदों को) अपना पक्ष रखने दीजिए। सही समय आने पर हम अपना पक्ष रखेंगे। वहीं पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा- शिंदे ने 6 गद्दार पैदा किए हैं। हालात संभालने के लिए अब सर्जरी करनी पड़ेगी। इससे पहले संजय राउत ने एक्स पर बताया था कि उद्धव 27 जून से महाराष्ट्र में जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान वे बागी सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों में भी जाएंगे। जारी शेड्यल के अनुसार, उद्धव 27 जून को यवतमाल, वाशिम और हिंगोली जाएंगे। 28 जून को परभणी और धाराशिव का दौरा करेंगे। 29 जून को शिर्डी पहुंचेंगे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 14 स्टूडेंट की मौत, कई जान बचाने के लिए छत से कूदे
यह भी देखें: Re-NEET के बाद छात्रों का फूटा गुस्सा! हाई कटऑफ का डर, टेलीग्राम बैन पर नाराजगी | NEET 2026



