Lucknow Fire News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को कोचिंग में आग लगने की घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार सुबह 11 बजे हादसे की जांच के लिए एसआईटी और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। टीम ने आग लगी कोचिंग बिल्डिंग की जांच की है। एसआईटी टीम में आईपीएस प्रवीण कुमार और आईएएस अमृत अभिजात शामिल हैं। शवों का 7 घंटे तक पोस्टमॉर्टम चला। सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची पश्चिम बंगाल की अनामिका (23) का शव देखकर उसकी मां बेहोश हो गई। जांच में पता चला है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह अवैध थी। इसे गिराने का आदेश 2016 में हुआ था, लेकिन बाद में निरस्त कर दिया गया था। लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया- बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। इसके बाद बिल्डिंग पर बुलडोजर चलेगा। बिल्डिंग रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। LDA के 4 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। बिल्डिंग को अनुमति देने वाले 16 अफसरों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
आग लगने से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के नीचे पेट शॉप और क्लीनिक है. पहले फ्लोर पर लर्निंग स्पेश नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) है. दूसरे फ्लोर पर हेड हॉपर स्टूडियोज नाम की थ्री डी आर्ट आउटसोर्सिंग कंपनी है. आग लगने के बाद ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि कोचिंग के छात्रों ने आग लगने के बाद खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग और धुएं की वजह से हालात बेहद गंभीर हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों भी राहत बचाव में जुट गए. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची. आग पर काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस और बचाव दल बिल्डिंग में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटा हुआ है. वहीं पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
वहीं आग लगने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरन्त मामले पर संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने राहत और बचाव काम में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं. सीएम योगी ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरने और राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे है. बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी है, उसके बगल के घर की दीवार को तोड़कर आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. फायर ब्रिगेड कर्मी ऑक्सीजन मास्क लगाकर रेस्क्यू करने में जुटे हुए हैं. फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी है. करीब 14 एंबुलेंस भी मंगवाई गई है.
यह भी पढ़ें: महिलाओं के लिए फ्री बस सर्विस, 1 लाख सरकारी नौकरी,कर्मचारियों का 22% DA बढ़ा, बंगाल बजट में कई बड़े ऐलान



