Petrol-Diesel Price Hike News: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर अब भारत पर भी पड़ता नजर आ रहा है. शुक्रवार सुबह भारतीयों को बड़ा झटका लगा है. देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है. पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपए और डीजल 3.11 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है तो वहीं डीजल की कीमत 99.67 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई है. मिडिल ईस्ट में युद्ध की शुरुआत के बाद से पहली बार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है.
बता दें कि अभी हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की थी. उन्होंने कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील की थी. पीएम मोदी की अपील के बाद से पेट्रोल-डीजल की दामों में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे थे. दरअसल, अमेरिका-ईरान में जंग और वैश्विक उथल-पुथल के बीच क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल आ गया था. भारतीय कंपनियों को हर दिन करीब एक हजार करोड़ का नुकसान हो रहा था. पहले जिस कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी, अब वो 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी थी.
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर अब 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल की कीमत 87.67 रुपए से बढ़कर 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है. मिडिल ईस्ट जंग की वजह से ईंधन आपूर्ति की किल्लत बनी हुई है, जिसका सीधा असर कीमतों पर दिख रहा है. 28 फरवरी को शुरू हुई जंग के बावजूद सरकार ने लंबे वक्त तक पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी नहीं की थी, लेकिन कंपनियों को लगातार हो रहे नुकसान को देखते हुए आखिरकार केंद्र सरकार ने कीमत बढ़ाने का फैसला किया.
पेट्रोल कहां कितना हुआ महंगा?
पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुई नए दाम आज शुक्रवार 15 मई 2026 से लागू हो गए हैं. दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है. कोलकाता में 108.74 रुपये, (3.29 रुपये महंगा), मुंबई में 106.68 रुपये (3.14 रुपए महंगा) और चेन्नई में 103.67 रुपये (2.83 रुपये) प्रति लीटर हो गया है. इसका अलावा दिल्ली में डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.



