Cockroach Janata Party News: दुनियाभर में आज सोशल मीडिया की ताकत क्या है, इसका ताजा उदाहरण ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ है. भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कुछ चुनिंदा बेरोजगार युवाओं की हरकतों को कॉकरोच बता दिया. जिसे अभिजीत दिपके नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पर अपना हथियार बना लिया. जिसके बाद महज एक हफ्ते पहले बनी कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम पर 20 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए. लेकिन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के सोशल मीडिया पर तेजी से उभरने से इसके संस्थापक अभिजीत दिपके के माता-पिता की चिंता बढ़ गई है. उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी मुसीबत में फंस सकता है या यहां तक कि गिरफ्तार भी हो सकता है.
“आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है”
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत दिपके के माता-पिता भगवान दिपके और अनीता दिपके ने गुरुवार को एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि वे अपने बेटे को राजनीति में नहीं देखना चाहते थे. अभिजीत के इस कदम के बारे में जानने के बाद से उनकी नींद उड़ गई है. भगवान दिपके ने आगे कहा कि आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है. चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स क्यों न हों. उसने खुद भी भारत लौटने पर गिरफ्तार होने का डर जाहिर किया है. वो मशहूर हो गया है और ऐसे लोगों को अक्सर गिरफ्तार कर लिया जाता है. पिछली 2 रातों से इसी चिंता में मैं सो नहीं पाया हूं कि उसके साथ क्या हो सकता है.
“उनका बेटा राजनीति से दूर रहे”
अभिजीत की मां अनीता दिपके ने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बारे में हमें पड़ोसियों से पता चला था. वो चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे. वो आम आदमी पार्टी के साथ काम कर चुका था. तभी मैंने उसे कहा था कि राजनीति से हमारा कोई लेना-देना नहीं है उसे कोई नौकरी कर लेनी चाहिए.
“शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग”
वहीं अभिजीत दिपके सोशल मीडिया पर पेज बनाने के बाद पहली बार ऑनलाइन आए. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. उन्होंने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि हम एक पिटीशन शुरू करने जा रहे हैं. जिसमें शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई है. उन्होंने लोगों से अपील की कि आप सब लोग ज्यादा से ज्यादा इस पिटीशन पर साइन कीजिए, ताकि सिस्टम की गलती पर सवाल उठ सके.
यह भी पढ़ें: “राज्यसभा सीट कितने में बेची थी बताऊंगा…” गद्दार कहने पर भड़के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह



