Bangkok Fire News: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक बार में आग लग गई. आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई और 63 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात 12 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली थी. जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक बार का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था.
टॉयलेट में घुसे लोगों की दम घुटने से मौत
बार में आग हादसे से बचकर निकले एक म्यूजीशियन ने बताया कि बिजली जाने से कुछ देर पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था. तभी अचानक एक धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा बार धुएं से भर गया. बार में मौजूद कई लोग अपनी जान बचाने के लिए टॉयलेट में घुस गए, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने बार का दौरा किया. उन्होंने कहा कि सभी शव बरामद कर लिया गया है.
रोंग बीयर ना लाट फ्राओ नाम से जाना जाता है बार
बताया जा रहा है कि बार बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित है. इसे रोंग बीयर ना लाट फ्राओ नाम से जाना जाता है. यह इलाके के लोकप्रिय रेस्तरां में से एक है. घटना के बाद बार के बाहर बड़ी संख्या शवों के बॉडी बैग दिखाई दिए. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया. आग लगने की वजह से बार का फर्नीचर जल चुका है दीवारें और छत पूरी तरह काली पड़ चुकी है. छत का कुछ हिस्सा भी उखड़ गया है.
इमरजेंसी गेट के पास कुछ लोग बेहोश मिले
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत के मुताबिक, पब की छत पर लगी ज्वलनशील सजावट की वजह से आग तेजी से फैल गई. इमारत के इमरजेंसी गेट के पास कुछ लोग बेहोश मिले. जिसकी वजह से आशंका जताई जा रही है कि लोग बाहर नहीं निकल पाए. हालांकि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तरह पुष्टि हो पाएगी.
थाईलैंड में पहले भी हो चुके ऐसे हादसे
साल 2022 में बैंकॉक के दक्षिण में एक कस्बे के पब में आग लगने की वजह से 22 लोग मारे गए थे.
1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइक्लब में नए साल के जश्न के दौरान आग लगने से 66 लोगों की मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: होर्मुज में ओमान के तट के पास जहाज पर हमला, 11 भारतीय थे सवार, भारत ने की निंदा



