Pop Leo : दुनिया भर के कैथोलिक ईसाई समुदाय के धर्म गुरु पोप लियो को लंग कैंसर होने की पुष्टि हुई है। वेटिकन ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी। डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर पोप के फेफडे से ट्यूमर निकाल दिया है। 71 साल के पोप के फेफड़े में ट्यूमर मिला था, जिसे निकालने के लिए रोम के एक अस्पताल में उनकी 90 मिनट तक सर्जरी की गई। सर्जरी के दौरान उनके दाएं फेफड़े का निचला हिस्सा निकाला गया। जांच में इसमें कैंसर होने की पुष्टि हुई। वेटिकन के मुताबिक, सर्जरी सफल रही और इस दौरान कोई परेशानी नहीं आई। सर्जरी के बाद पोप को होश भी आ गया था। जानकारी के मुताबिक 20 अक्टूबर तक के लिए उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। पोप लियो को 8 मई 2025 को कैथोलिक चर्च का 267वां पोप चुना गया था। वे पहले पोप हैं जो अमेरिका के हैं।
ऑपरेशन से पहले भी कैंसर का शक था
धर्म गुरु पोप लियो ने रविवार को अपनी सर्जरी की जानकारी दी थी। उन्होंने रोम में सेंट पीटर्स स्क्वायर के सामने बालकनी से लोगों को संबोधित किया था। पोप ने बताया था कि उनके फेफड़े की गांठ सीमित है और शुरुआती चरण में ही इसका पता चल गया। डॉक्टरों ने उन्हें गांठ हटाने के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी थी। फेफड़ों में बनने वाली छोटी गांठों को पल्मोनरी नोड्यूल कहा जाता है। ये गांठें आम होती हैं और जरूरी नहीं कि कैंसर वाली हों। वेटिकन ने बताया कि पोप के फेफड़े में गांठ मिलने के बाद हुई जांच में पल्मोनरी एडेनोकार्सिनोमा यानी कैंसर की पुष्टि हुई। ऑपरेशन से पहले की जांच में भी इसी तरह के कैंसर का शक था।
कैंसर फैलने की जांच कर रहे डॉक्टर
धर्म गुरु पोप के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। लोगों ने घंटों इंतजार किया। पोप की कार पहुंचने पर उन्होंने उनका स्वागत किया। पोप ने भी कार की खिड़की से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी सफल सर्जरी के बाद डॉक्टर अब जांच कर रहे हैं कि कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों में तो नहीं फैला। पोप को उनके स्वास्थ के चलते आराम करने की सलाह दी गई है। उनके सार्वजनिक कार्यक्रम 20 अक्टूबर तक रद्द कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें –रुस में लैब में विस्फोट, प्लेग फैलने की आशंका से हड़कंप, कई अस्पतालों में क्वारंटीन
यह भी देखें – दशहरे से पहले रावण पर महंगाई की मार, जयपुर में 60 हजार तक पहुंचे पुतलों के दाम | Dussehra 2026



