Wangchuk : गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती और अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद आप सांसद संजय सिंह समेत सभी नेता मेदांता के गेट पर धरने पर बैठ गए। संजय सिंह ने कहा- इतिहास में पहली बार सुन रहे हैं कि अस्पताल में भर्ती किसी मरीज से लोगों को मिलने से रोका जा रहा है। हम सोनम वांगचुक से मिलने आए हैं।
सांसदों ने की अनशन खत्म करने की अपील
दरअसल 55 विपक्षी सांसदों ने वांगचुक को पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की है। इनमें आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल , समाजवादी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के 15 नेता शामिल हैं। वांगचुक पिछले 25 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्हें पहले जंतर-मंतर से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। मंगलवार को कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया है। यहीं उनका इलाज चल रहा है।
जेडी नड्डा और जितेन्द्र सिंह वांगचुक से मिले
सूत्रों के मुताबिक आज सुबह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने वांगचुक से मुलाकात की थी। हालांकि इसकी डिटेल सामने नहीं आई है। उधर, वांगचुक ने आज इन्हें पत्र लिखकर कहा कि वे अनशन खत्म करने को तैयार हैं लेकिन भरोसा दिया जाए कि आंदोलन कर रहे स्टूडेंट्स पर एक्शन नहीं लिया जाएगा।
जंतर-मंतर के पास पत्थरबाजी में एसीपी घायल
जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में बुधवार शाम असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पंजाबी बाग में तैनात एसीपी जय प्रकाश पर शाम 4.30 बजे प्रदर्शनकारियों ने पत्थर मारे। माथे पर पत्थर लगने से वे घायल हो गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
सीजेपी ने कहा- हम न्यूट्रल जगह पर बातचीत को तैयार
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हम सरकार से बातचीत करने को तैयार है, लेकिन बातचीत किसी मंत्री के घर के बजाय न्यूट्रल जगह पर होनी चाहिए। विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दास ने कहा कि जनता की अदालत यहीं है। मंत्रियों को लोगों के बीच आना चाहिए।
यह भी पढ़ें – “धर्मेंद्र प्रधान ने भारत की सबसे बड़ी संपत्ति बर्बाद कर दी…” राहुल गांधी ने बोला हमला
यह भी देखें – जंतर-मंतर पहुंचे सपा नेता इरफान सोलंकी | PM मोदी से छात्रों से संवाद की मांग | Student Protest


