Bihar Police Recruitment Exam: बिहार में आज(14जून) सिपाही भर्ती परीक्षा हो रही है. परीक्षा शुरू होने से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं को लेकर परीक्षार्थियों ने जमकर बवाल मचाया. मामले में 6 युवकों को गिरफ्तार किया गया है. आक्रोशित छात्रों ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर न केवल कई ट्रेनों को रोक दिया, बल्कि कई दुकानों और कई स्पेशल ट्रेनों में तोड़फोड़ भी की. IG जितेन्द्र राणा ने हालात को काबू करने के लिए खुद फायरिंग की. घटना की सूचना मिलने पर डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया कि उन्हें आधी रात को सूचना मिली कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं.
“अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है”
डीएम त्यागराजन ने बताया कि कुछ असमाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और कई तरह की मांगे की. उन्होंने स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की, जबकि दो स्पेशल ट्रेनें पहले ही चला दी गई थी. प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी रोका, जो जाना चाहते थे. इन वजहों से हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और ट्रेनें रवाना हो चुकी है. IG जितेन्द्र राणा ने कहा कि पाटलिपुत्र स्टेशन पर हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है, ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामे की घटना पर हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि बिहार आबकारी कांस्टेबल की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों ने ट्रेन नंबर 2488 को रोक दिया, इसमें कई छात्र सवार थे. इनमें से कुछ छात्रों ने हंगामा करने की कोशिश की. ऐसे करीब 150 लोग थे. रेलवे ने छात्रों के लिए सुबह ढाई बजे कटिहार के लिए एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की थी. ट्रेन सुबह 5:47 पर रवाना हुई. अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है. परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र विशेष ट्रेन से वापस लौट सकते हैं.
“ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है”
JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर कहा कि छात्र और नौजवान इस देश के भविष्य हैं.लेकिन हाल ही के वर्षों में जिस तरह से विपक्ष के उकसावे का शिकार नौजवान बन रहे हैं,ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.जो समय परीक्षाओं की तैयारी,स्पर्धा में बेहतर नतीजे लाने की दिशा में मेहनत करने में जाना चाहिए, उस समय ऐसी कार्रवाईयों में छात्रों का एक समूह उलझता जा रहा है. ये बहुत चिंताजनक है और इस प्रवृत्ति को नियंत्रित किए जाने की आवश्यकता है.
“परीक्षार्थियों को संयम बरतना चाहिए”
वहीं बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि परीक्षार्थियों को संयम बरतना चाहिए.अगर साधन की कोई कमी हुई है तो तोड़फोड़ करना संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, ऐसा नहीं करना चाहिए. उन्हें अपनी मांग रखनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के विकासनगर में 2 समुदायों में हिंसक झड़प, युवक की मौत के बाद आक्रोश, पथराव, आगजनी



