Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचने वाले हैं. उन्होंने समर्थकों से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. पार्टी का दावा है कि उसके 11 लाख से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं. प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना बताया जा रहा है.
अमेरिका से रवाना होने से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी देते हुए लिखा कि “भारत के लिए निकल गया हूं. मैं अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं, जय भीम.
On my way to India…
Leaving my fate in the hands of the Constitution. #JaiBhim
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) June 5, 2026
दिल्ली पहुंचकर लेंगे प्रदर्शन की अनुमति
अभिजीत दीपके ने कहा है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह सबसे पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाएंगे.वहां से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी जाएगी.फिलहाल दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है.दीपके ने पार्टी के पंजीकृत सदस्यों और समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है.
11 लाख से अधिक सदस्यों का दावा
एक इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने दावा किया कि उनकी पार्टी के 11 लाख से ज्यादा पंजीकृत सदस्य हैं.उन्होंने कहा कि हजारों लोग दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने वाले हैं.पार्टी के सदस्यों से वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क किया गया है और बड़ी संख्या में लोगों ने आने की सहमति जताई है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे का दबाव बनाना है.पार्टी नीट परीक्षा पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठा रही है.पार्टी नेताओं का कहना है कि इन मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना चाहिए.
सोशल मीडिया से शुरू हुआ आंदोलन
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी.यह नाम उस टिप्पणी के बाद चर्चा में आया, जिसमें कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने का विवाद खड़ा हुआ था.इसके बाद सोशल मीडिया पर बना यह अभियान तेजी से लोकप्रिय हुआ. 4 दिन में ही इसके फॉलोअर्स की संख्या बीजेपी और कांग्रेस से भी अधिक हो गई.



