Muzaffarpur Hospital Fire: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है. जबकि 20 से ज्यादा लोग आग से झुलस गए. घटना बुधवार रात करीब 3 बजे हुई. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. पहले आईसीयू वार्ड में लगे AC में ब्लास्ट हुआ वो आग पूरे वार्ड में फैलती चली गई. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आग लगने के दौरान अस्पताल स्टाफ पर गायब होने का आरोप लगाया. कई परिजनों ने खुद अपने मरीजों को वार्ड से बाहर निकाला. आईसीयू वार्ड पांचवें फ्लोर पर बनाया गया है, जिसकी वजह से रेस्कयू ऑपरेशन में दिक्कत आई. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आईसीयू और दूसरे वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला. हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है.
“आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है”
अग्निशमन अधिकारी मो.फ़ैज़ आलम ने बताया कि घटना की सूचना पाकर हमारे विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो पाया गया कि वहां कई लोग फंसे हुए थे.स्वाभाविक तौर पर ICU में लोग बीमार स्थिति में थे.जिसे देखते हुए सबसे पहले वहां से धुएं को बाहर निकालने का प्रयास किया गया और फिर मरीजों को बाहर निकाला गया. लगभग 20 से 22 लोगों को हमने बाहर निकाला है. हमारी पहली टीम मौके पर 4 बजे तक पहुंच गई थी.हमने इस आग को बुझाने में 6 गाड़ियों का प्रयोग किया है. प्रथम दृष्टयता आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है.आगे जो भी नियम संगत कार्रवाई होगी वो की जाएगी.
“डीएम ने एक टीम का गठन किया है”
मुजफ्फरपुर नगर निगम नगर आयुक्त ऋतु राज प्रताप सिंह ने कहा कि घटना में 5 लोगों की मृत्यु हुई है. शॉर्ट सर्किट के कारण ऐसा हुआ है बाकी आगे की जांच में सभी बातों का पता चलेगा.हमारी टीम के लोग वहां जाकर जांच कर रहे हैं. 20 लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है, वहां उनका इलाज जारी है. डीएम ने एक टीम का गठन किया है. पांच सदस्यीय टीम घटना की पूरी जांच करेगी और कारण क्या रहा उसकी रिपोर्ट देगी. उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुखद है. शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें. मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है.स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार हेतु सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है.
मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।
मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह…
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 4, 2026
यह भी पढ़ें: “आकांक्षा की मौत आत्महत्या नहीं…” राहुल गांधी ने PM मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरा



