Kerala CM: केरलम के मुख्यमंत्री को लेकर चल रहा सस्पेंस आज गुरुवार को खत्म हो गया है. वीडी सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का पत्ता कट गया है. बीती 4 मई को केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे. 10 दिन बाद केरल सीएम के नाम पर मुहर लगी है. इससे पहले तिरुअनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक बैठकों का लंबा दौर चला और उसके बाद ही यह फैसला हो सका है. बीते सप्ताह अजय माकन और मुकुल वासनिक तिरुअनंतपुरम में विधायकों के साथ बैठक करने पहुंचे थे. इस दौरान दोनों नेताओं ने विधायकों के अलावा अन्य नेताओं से भी राय ली थी. दिल्ली में राहुल गांधी के साथ केरल के नेताओं की कई दौर की मीटिंग भी हुई. सोनिया गांधी ने भी सलाह ली गई और फिर मुख्यमंत्री का ऐलान किया गया है. हालांकि, केरलम में डिप्टी सीएम किसे बनाया जाएगा इसकी जानकारी नहीं मिली है.
किस वजह से वीडी सतीशन के नाम पर लगी मोहर
केरलम कांग्रेस के लोग 61 वर्षीय वीडी सतीशन को काफी पसंद करते हैं. विपक्ष के नेता के तौर पर भी वीडी सतीशन के काम की काफी सराहना हुई थी. विपक्ष में रहने के दौरान वे सड़कों पर प्रदर्शन में आगे रहे. केरल संगठन में पकड़ का फायदा भी वीडी सतीशन को मिला है. वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री घोषित करना कांग्रेस का अहम फैसला माना जा रहा है. क्योंकि केसी वेणुगोपाल मुकाबले में शामिल थे, उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है. इसके बावजूद फैसला वीडी सतीशन के पक्ष में आया. कांग्रेस के सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी वीडी सतीशन को भी पसंद करते हैं. यही नहीं इंडियन मुस्लिम लीग का समर्थन भी वीडी सतीशन के साथ था.
यह भी पढ़ें: “22 साल, 54 विदेश यात्राएं.. राहुल के दौरों की फंडिंग किसने की? संबित पात्रा ने खड़े किए सवाल
वीडी सतीशन CM नहीं बनते तो होता कर्नाटक वाला हाल
केरलम से पहले राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान देखी गई थी. उसे देखते हुए केरलम में भी ऐसी ही चिंता जताई जा रही थी. लेकिन अब ऐसी आशंकाएं वीडी सतीशन के नाम के ऐलान के साथ ही खत्म हो गई है. केरलम के मुख्यमंत्री के नाम को लेकर जब सस्पेंस चल रहा था तब वीडी सतीशन के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने कई जगह प्रदर्शन भी किए थे.



