Election Results 2026:एक केंद्र शासित प्रदेश समेत देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है. मतगणना के साथ ही रुझान आने शुरू हो गए हैं. बंगाल के रुझानों में बीजेपी-TMC के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. असम में बीजेपी आगे चल रही है. जबकि केरलम में यूडीएफ को बढ़त दिख रही है. बात करें तमिलनाडू की तो सत्ताधारी डीएमके अपनी बढ़त को कायम किए हुए है. जिन पांच राज्यों के चुनावी नतीजे आ रहे हैं, उनमें पश्चिम बंगाल और असम के साथ तमिलनाडु और केरल भी शामिल है.
वहीं बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है. एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी. शुरुआती रुझान में बीजेपी को बहुमत मिलता दिख रहा है. बीजेपी 157 और टीएमसी 92 सीटों पर आगे चल रही है. भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी आगे हैं. सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं. वहीं आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को बढ़त है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां पर झालमुड़ी खाई उस इलाके में बीजेपी चारों पर आगे है. ये सीटें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है, जबकि एक सीट (फालता) पर बाद में मतदान होगा। राज्य में चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए—पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग हुई। इस बार राज्य में करीब 92% मतदान दर्ज किया गया, जो काफी उच्च माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रही है। भवानीपुर सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां ममता बनर्जी का मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से है.
असम विधानसभा चुनाव
असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया गया। इस बार राज्य में 85% से अधिक मतदान हुआ, जो एक रिकॉर्ड स्तर माना जा रहा है. यहां बीजेपी हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस के गौरव गोगोई के नेतृत्व में चुनावी मुकाबले में है.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ। इस बार राज्य में 85% से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक है।
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के नेतृत्व में द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (DMK) गठबंधन तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रहा है। वहीं अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) सत्ता में वापसी के लिए मैदान में है. इस चुनाव में मुकाबला दिलचस्प इसलिए भी है क्योंकि अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के आने से त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बन गई है. बीजेपी AIADMK के साथ गठबंधन में है, जबकि कांग्रेस DMK के साथ है.
केरल विधानसभा चुनाव
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान हुआ, जिसमें 78.27% वोटिंग दर्ज की गई. मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व में यूडीएफ (UDF) गठबंधन सरकार बनाने के प्रयास में है.
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए भी 9 अप्रैल को मतदान हुआ. यहां 89.97% मतदान दर्ज किया गया, जो काफी उच्च है और मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है. इन पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव नतीजे देश की राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे, खासकर उन राज्यों में जहां सीधे मुकाबले या त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है.



