Delhi Bulldozer Action: दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने और पत्थरबाजी पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है. एक तरफ जहां बीजेपी नेता बुलडोजर कार्रवाई को जायज ठहरा रहे हैं, दूसरी तरफ विपक्षी नेता सवाल खड़े कर रहे हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश की सहारनपुर सीट से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण नहीं हटाना है मस्जिदें तोड़नी है, कितनी मस्जिद तोड़ेंगे? अतिक्रमण के नाम पर आप मस्जिदें तोड़ेंगे, मदरसों पर बुलडोजर चलाएंगे, यही देश में चल रहा है.
उन्होंने आगे कहा कि आप इससे नफरत फैलाकर अपना राजनीतिक एजेंडा फैला रहे हैं. यह इतनी कमज़ोर सरकार है कि यह बांग्लादेश को मुंहतोड़ जवाब भी नहीं दे पा रही है.
यह भी पढ़ें: “..रजाई में दुबके पड़े हैं…” मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने पर बोले RJD सांसद मनोज झा
“100-150 उपद्रवियों ने पथराव किया“
दिल्ली के ज्वाइंट CP मधुर वर्मा ने तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण (Delhi Bulldozer Action) हटाने पर बताया कि 100-150 के करीब उपद्रवी थे जिन्होंने पुलिस पर पथराव किया. कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है. 5 गिरफ्तारियां हुई है, 10-15 लोगों को हिरासत में लिया गया है. जो लोग अतिक्रमण विरोधी अभियान में बाधा उत्पन्न करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
“सरकार जनता की भलाई की बात करती है“
दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह की भी बुलडोजर कार्रवाई (Delhi Bulldozer Action) पर प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि MCD ने हाई कोर्ट के आदेश का पालन किया है. रामलीला मैदान पर अवैध कब्ज़ा था जहां बैंक्वेट हॉल चल रहा था उसे हटाया गया. जब सरकार जनता की भलाई की बात करती है, तो कुछ धार्मिक लोग जनता को गुमराह करने और अफवाहें फैलाने की कोशिश करते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं (पत्थरबाजी) होती हैं. ऐसी घटनाओं का कोई असर नहीं होगा क्योंकि हम दिल्ली को साफ़-सुथरा बनाना चाहते हैं.



