Rajyasabha : भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में राज्यसभा की दो सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है वहीं एक सीट पर कांग्रेस के नीरज डांगी ने जीत दर्ज की है। मालूम हो कि राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर चुनाव होना था लेकिन निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। जिन 2 सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार खडे किए थे उनमें सतीश पूनिया और अलका गुर्जर थे जो निर्विरोध जीत गए हैं। आज नाम वापसी का समय खत्म होने के बाद तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध चुने जाने की घोषणा कर दी गई। विधानसभा सचिव और चुनाव अधिकारी ने तीनों उम्मीदवारों के निर्वाचन सर्टिफिकेट जारी कर दिए हैं।
चुनाव की जरुरत नहीं पड़ी
राज्यसभा चुनावों के लिए 18 जून को वोटिंग होनी थी, लेकिन तीन सीटों पर तीन ही उम्मीदवार होने के कारण वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ी। मालूम हो कि 21 जून को तीनों सीटों का कार्यकाल पूरा हो रहा था, इससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। तीनों सांसदों का कार्यकाल जून 2032 तक रहेगा। कांग्रेस राज के दौरान राज्यसभा चुनावों में कड़ा मुकाबला होने के कारण विधायकों की बाड़ेबंदी की गई थी, लेकिन इस बार ऐसी जरूरत नहीं पड़ी। राज्यसभा की तीनों सीटों पर संख्या बल के हिसाब से 2 पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस की जीत के समीकरण थे।
कांग्रेस और बीजेपी के 5-5 सांसद
राजस्थान से राज्यसभा के 10 सांसद हैं। कांगेस और बीजेपी दोनों के बराबर 5-5 सांसद हैं। अगले चुनावों के बाद से बीजेपी संख्या बल में कांग्रेस से आगे निकल जाएगी। अब 2 साल बाद राज्यसभा चुनाव होंगे। बीेजपी से जो 5 राज्यसभा सांसद हैं उनमें मदन राठौड़, घनश्याम तिवाड़ी, चुन्नीलाल गरासिया, सतीश पूनिया, अलका सिंह। वहीं कांग्रेस के 5 राज्यसभा सांसद में सोनिया गांधी, मुकुल वासनिक, रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी और नीरज डांगी शामिल हैं।
जून 2028 में होंगे राज्यसभा चुनाव
राजस्थान में अब 2 साल बाद जून 2028 में 4 सीटों पर राज्यसभा चुनाव होंगे। जून 2028 में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी, बीजेपी सांसद घनश्याम तिवाड़ी का कार्यकाल पूरा होगा।
यह भी पढ़ें : मानेसर कांड को लेकर कांग्रेस और भजनलाल सरकार के मंत्रियों पर हनुमान बेनीवाल का हमला, जानें क्या कहा?
यह भी देखें: रफीक खान का BJP पर बड़ा हमला! राज्यसभा नामांकन से लेकर गुटबाजी तक खोली पोल | Rafeek Khan



