DRDO System : दुशमन देश या आतंकियों के ड्रोन या ड्रोन के झुंड और सर्विलांस सेंसर को निशाना बनाने और उनको हवा में ही मार गिराने की क्षमता भारत के पास विकसित हो गई है। भारत का डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) 30 किलोवाट क्षमता का लेजर सिस्टम तैयार कर चुका है जो कि करीब 5 किमी दूर तक ड्रोन, ड्रोन के झुंड और सर्विलांस सेंसर को निशाना बना सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार लेजर वेपन का अंतिम ट्रायल अगस्त 2025 में पूरा हो चुका है। अब अगले छह महीने में इसके प्रोडक्शन के लिए किसी भारतीय कंपनी को पार्टनर बनाने की तैयारी है।
ट्रायल में फिक्स्ड-विंग ड्रोन को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार इस DRDO सिस्टम की क्षमता पहले भी ट्रायल में दिखाई जा चुकी है। अप्रैल 2025 में 30 किलोवॉट लेजर सिस्टम का ट्रायल कर्नूल के नेशनल ओपन एयर रेंज में किया गया था। इस दौरान सिस्टम ने फिक्स्ड-विंग ड्रोन को निशाना बनाया और कई ड्रोन हमलों को रोकने की क्षमता दिखाई। निगरानी सेंसर और एंटीना को भी टारगेट किया गया।
रडार से पहचान, फिर लेजर से करता है हमला
DRDO सिस्टम रडार या इलेक्ट्रो ऑप्टिक सिस्टम की मदद से लक्ष्य की पहचान करता है। इसके बाद लेजर बीम सीधे उस पर डाली जाती है। बीम लाइट की स्पीड से लक्ष्य तक पहुंचती है और अपनी तेज ऊर्जा से उसे नुकसान पहुंचाती है।
50 किलोवॉट और 100 किलोवॉट पर काम जारी
21 किलोवॉट सिस्टम का प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। 10 किलोवॉट सिस्टम को जरूरी मंजूरी मिल चुकी है। इसकी 10-12 यूनिट का ऑर्डर दिया गया है। यह करीब 2 किमी तक के लक्ष्य को निशाना बना सकता है। अब 50 किलोवॉट और 100 किलोवॉट क्षमता वाले लेजर सिस्टम विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है। इन्हें एयर डिफेंस में मिसाइल, गन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम के साथ इस्तेमाल करने की योजना है।
भारतीय सेना के लिए कैसे फायदेमंद
इस सिस्टम में पारंपरिक गोला-बारूद या रॉकेट की जरूरत नहीं होती। इससे ड्रोन हमलों के दौरान अलग-अलग मिसाइल इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो सकती है। लेजर सिस्टम तेजी से लक्ष्य पर हमला कर सकता है। इसे चलाने के लिए बिजली की जरूरत होती है, इसलिए इसमें पारंपरिक हथियारों की तरह बार-बार गोला-बारूद खर्च नहीं होता।
दूसरे देश भी विकसित कर रहे लेजर हथियार
अमेरिका लेजर आधारित एंटी-ड्रोन सिस्टम का परीक्षण और इस्तेमाल कर चुका है। इजराइल 100 किलोवॉट के आयरन बीम पर काम कर रहा है। चीन ने सायलेंट हंटर और एलवाई-1 जैसे सिस्टम दिखाए हैं, जबकि रूस भी डायरेक्टेड-एनर्जी हथियारों पर काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें –सुप्रीम कोर्ट बोला-धार्मिक वजह से वंदे मातरम् न गाना अपराध नहीं हो
यह भी देखें – राजस्थान निकाय चुनाव में निर्दलीयों का खेल! वार्ड जीते कौन, बोर्ड बनाया किसने?



