Blast : भीलवाड़ा में गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगूंचा गांव में विस्फोटक से भरी पिकअप में भयंकर ब्लास्ट हो गया। हादसे में बूंदी निवासी ड्राइवर राम अवतार की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चेचिस, टायर व इंजन कई फीट दूर जाकर गिरे। बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। मृतक का शव मलबे में दबा मिला। घटना आज सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे गुलाबपुरा थाना क्षेत्र बताई जा रही है।
हादसा बाडे में खडी पिकअप में हुआ
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया – हादसा कस्बे में रहने वाले रामदेव पुत्र हीरालाल खटीक के बाड़े में हुआ। यहां एक्सप्लोसिव से भरी पिकअप खड़ी थी। अचानक इसमें जोरदार धमाका हो गया। धमाके से पिकअप का इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। बाड़े की दीवार मलबे में तब्दील हो गई और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। तेज आवाज सुनकर कस्बे में अफरातफरी मच गई और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। आसपास के मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के कांच टूट गए, जबकि कुछ दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है।
घटना के बाद पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही गुलाबपुरा थाना पुलिस और आगूंचा चौकी जाब्ता मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, घटनास्थल को सील कर दिया गया है और ब्लास्ट के कारणों व विस्फोटक की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है।
यह भी पढ़ें –ग्रेटर नोएडा: घर में परिवार की 5 लाशें मिली; रात में नूडल्स खाकर सोए, फूड पॉइजनिंग की आशंका
यह भी देखें –बारिश ने बर्बाद किए रावण के पुतले! कर्ज में डूबे कारीगरों पर दोहरी मार | Dussehra 2026 | KBP Times



