Tree Adoption : मुकुंद शेवरे फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ऑल इंडिया ट्री अडॉप्शन कैंपेन का इस वर्ष भी शुभारंभ किया गया। मुंबई के विले पारले स्थित बाल गोपाल मित्र मंडल में आयोजित कार्यक्रम में कई नामचीन हस्तियों ने हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान की सराहना की।
प्राजक्ता कोली और विधायक पराग अलवनी हुए शामिल
कार्यक्रम में मराठी फिल्म और वेब सीरीज से जुड़ी अभिनेत्री प्राजक्ता कोली, विधायक पराग अलवनी सहित कई अन्य हस्तियां शामिल हुईं। अतिथियों ने ट्री अडॉप्शन अभियान को धरती और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल बताया।
देश के कई शहरों में चलाया जा रहा अभियान
फाउंडेशन के अनुसार यह अभियान केवल मुंबई तक सीमित नहीं है। मुंबई, इंदौर, पालघर सहित देश के अन्य शहरों में भी ट्री अडॉप्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से अलग-अलग वर्गों के लोगों को पेड़ गोद लेने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. मुकुंद शेवरे ने कहा कि मनुष्य और प्रकृति का गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि जिस तरह स्वयंभू गणेश प्रतिमाएं धरती से प्रकट होती हैं, उसी तरह वृक्षारोपण करना, पेड़ों को अपनाना और उनका संरक्षण करना धरती मां के प्रति सच्ची सेवा है। उन्होंने देशवासियों से इस अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।
बंजर भूमि पर विकसित किए गए पेड़
फाउंडेशन की कोर सदस्य वर्षा गजकोस ने बताया कि संस्था की ओर से बंजर भूमि पर लगाए गए पेड़ों की विशेष देखभाल की जाती है। उन्हें पानी और खाद देने के साथ-साथ फाउंडेशन द्वारा कॉस्मिक एनर्जी तकनीक का उपयोग किए जाने का भी दावा किया गया है। फाउंडेशन का कहना है कि इस पहल से वृक्षों के संरक्षण के साथ ग्लोबल वार्मिंग और पानी की समस्या को कम करने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।
25 हेक्टेयर से अधिक बंजर भूमि पर तैयार किया जंगल
मीडिया प्रभारी रेखा जैन के अनुसार, फाउंडेशन का यह एक बड़े स्तर का पर्यावरणीय प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि डॉ. मुकुंद शेवरे के नेतृत्व में नांदगांव में 25 हेक्टेयर से अधिक बंजर भूमि पर जंगल विकसित किया गया है। फाउंडेशन के अनुसार, इस कार्य की सराहना करते हुए सरकार की ओर से अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इस अभियान में वर्षा गजकोस, श्रेया कोरगावकर, डॉली शर्मा, यशी बंसल और जया सहित कई वालंटियर्स सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। फाउंडेशन ने अधिक से अधिक लोगों से ट्री अडॉप्शन अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया है।



